जिस OTP के बिना रुक जाता है हर पेमेंट, जानिए उसका कॉन्सेप्ट कैसे और कहां से आया?

जिस OTP के बिना रुक जाता है हर पेमेंट, जानिए उसका कॉन्सेप्ट कैसे और कहां से आया?

बैंक से पैसे भेजने हों, ऑनलाइन शॉपिंग करनी हो या फिर क्रेडिट कार्ड से भुगतान, मोबाइल पर आने वाला वन-टाइम पासवर्ड यानी ओटीपी (OTP) आज हर लेनदेन की अहम कड़ी बन चुका है। कई भुगतान तो बिना ओटीपी के पूरे ही नहीं हो सकते और यह सुविधा हमारी रोजमर्रा की आदत में शामिल हो गई है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि बैंकिंग लेनदेन में ओटीपी का चलन आखिर कहां से शुरू हुआ? इसके पीछे की कहानी काफी रोचक है और इसकी शुरुआत क्रेडिट कार्ड से जुड़ी धोखाधड़ी रोकने की कोशिश से हुई।

आईआईटी मद्रास के प्रोफेसर व उद्यमी डॉ. अशोक झुनझुनवाला ने 'जिंदगी विद रिचा' कार्यक्रम में दिए एक साक्षात्कार के दौरान इस विचार के जन्म की कहानी साझा की। उनके मुताबिक, करीब 2005 के आसपास जब बैंकिंग क्षेत्र डिजिटल होने की दिशा में कदम बढ़ा रहा था, तब क्रेडिट कार्ड फ्रॉड को लेकर गंभीर चर्चा चल रही थी। उसी दौरान उनके मन में यह विचार आया कि क्यों न ग्राहक के मोबाइल पर एसएमएस के जरिए एक कोड भेजा जाए और जब तक वह कोड दर्ज न हो, तब तक लेनदेन पूरा न माना जाए।

डिजिटल लेनदेन की लागत और भविष्य पर बात करते हुए उन्होंने नकदी संभालने तथा डिजिटल भुगतान के खर्चों का अंतर भी स्पष्ट किया। उन्होंने बताया कि ग्राहक के बैंक शाखा जाकर नकदी निकालने पर बैंक को करीब 70 रुपये की लागत आती है, एटीएम से निकासी पर लगभग 12 रुपये खर्च होते हैं, जबकि क्रेडिट कार्ड लेनदेन पर यह खर्च महज 2 रुपये के आसपास रहता है।

उनका मानना था कि बैंकिंग का भविष्य डिजिटल लेनदेन में ही निहित है और इसी आधार पर उन्होंने बैंकों से सवाल किया कि जब डिजिटल ट्रांजेक्शन इतने कम खर्च में होते हैं तो हर ग्राहक को क्रेडिट कार्ड क्यों न दिया जाए। इसके जवाब में बैंकों ने बताया कि क्रेडिट कार्ड से होने वाले लेनदेन में फ्रॉड का जोखिम अधिक रहता है, इसलिए सभी को कार्ड देने से धोखाधड़ी बढ़ने की आशंका बनी रहती है। इसी चिंता के समाधान के रूप में उन्होंने सुझाव दिया कि हर ट्रांजेक्शन पर ग्राहक के फोन पर एसएमएस के माध्यम से एक कोड भेजा जाए और भुगतान के लिए उसे डालना अनिवार्य किया जाए, ताकि कार्ड की जानकारी लीक होने पर भी कोई बिना उस कोड के भुगतान न कर सके।

2005 में कैसे आया SMS कोड का आइडिया?

आज जहां मोबाइल पर पलक झपकते ओटीपी पहुंच जाता है, वहीं 2005 के दौर में एसएमएस का तुरंत मिलना आसान नहीं था और संदेश भेजना भी खासा महंगा पड़ता था। ऐसे में इस विचार को जमीन पर उतारना चुनौतीपूर्ण था। झुनझुनवाला ने बताया कि उस वक्त वह टाटा टेलीसर्विसेज के बोर्ड से जुड़े थे, जहां उन्होंने टेलीकॉम विशेषज्ञों से पूछा कि क्या रियल-टाइम में एसएमएस भेजने की व्यवस्था बनाई जा सकती है। विशेषज्ञों ने तकनीकी रूप से इसकी संभावना की पुष्टि की और इसके बाद इस अवधारणा को लागू करने की दिशा में काम आगे बढ़ा।

इस पूरी प्रक्रिया के दौरान टीम के ही किसी सदस्य ने इस व्यवस्था को 'ओटीपी' नाम दिया, जिसका अर्थ वन-टाइम पासवर्ड है यानी ऐसा कोड जो केवल एक बार उपयोग में लाया जा सकता है। धीरे-धीरे यही व्यवस्था डिजिटल भुगतान की सुरक्षा का मजबूत आधार बन गई और आज बैंकिंग, ई-कॉमर्स व अन्य डिजिटल सेवाओं में व्यापक रूप से इस्तेमाल की जा रही है।