सर्दियों में साबुन का ज्यादा इस्तेमाल छीन लेगा त्वचा की चमक, जानिए हफ्ते में कितनी बार नहाना चाहिए बॉडी वॉश से

सर्दियों में साबुन का ज्यादा इस्तेमाल छीन लेगा त्वचा की चमक, जानिए हफ्ते में कितनी बार नहाना चाहिए बॉडी वॉश से

सर्द हवाओं की शुरुआत होते ही त्वचा अपनी स्वाभाविक नमी खोने लगती है, जिससे चेहरे और शरीर पर रूखापन, खिंचाव और पपड़ी जमने की समस्या आम हो जाती है। ठंड के मौसम में स्किन के नेचुरल बैरियर को सुरक्षित रखने और ग्लो बनाए रखने के लिए डर्माफॉलिक्स हेयर ट्रांसप्लांट एंड स्किन क्लिनिक की कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट और चीफ हेयर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. आंचल पंथ ने कुछ बेहद जरूरी और असरदार उपाय साझा किए हैं। सही स्किन केयर रूटीन अपनाकर आप कड़ाके की ठंड में भी अपनी त्वचा को कोमल और हाइड्रेटेड रख सकते हैं।

सर्दियों के दौरान सबसे पहली सावधानी नहाने के दौरान बरतनी चाहिए। तेज गर्म पानी से देर तक नहाने से स्किन के प्राकृतिक लिपिड्स तेजी से खत्म होते हैं, इसलिए नहाने का समय हमेशा सीमित रखें। अगर आपकी स्किन जरूरत से ज्यादा ड्राई रहती है, तो नहाने के गुनगुने पानी की बाल्टी में 8 से 10 चम्मच नारियल का तेल मिला लें; यह उपाय त्वचा पर एक सुरक्षात्मक लेयर बनाकर नमी को लॉक करने में मदद करता है। इसके साथ ही पूरे शरीर पर रोजाना साबुन के अत्यधिक इस्तेमाल से बचना चाहिए। कठोर साबुन स्किन के नेचुरल ऑयल्स को छीन लेते हैं, इसलिए हफ्ते में केवल एक या दो बार ही माइल्ड बॉडी वॉश या क्लींजर का उपयोग करें ताकि त्वचा में सूखापन न बढ़े।

मौसम बदलते ही अपने सामान्य स्किन केयर प्रोडक्ट्स में बदलाव करना भी बेहद जरूरी है। सर्दियों में ऐसे सीरम और लोशन चुनें जिनमें नियासिनमाइड, हायल्यूरोनिक एसिड, पेप्टाइड्स, पैन्थेनॉल, सेंटेला या सेरामाइड्स जैसे गुणकारी तत्व शामिल हों। ये तत्व त्वचा को गहराई से पोषण देकर स्किन बैरियर को रिपेयर करते हैं। इसके अलावा मॉइस्चराइजर के चुनाव में खास ध्यान दें; सेरामाइड, शिया बटर, कोको बटर, ओटमील और ग्लिसरीन युक्त थिक मॉइस्चराइजर सर्दियों के लिए सबसे मुफीद होते हैं। डर्मेटोलॉजिस्ट के अनुसार, मॉइस्चराइजर लगाने का सबसे सही समय नहाने के तुरंत बाद होता है, जब त्वचा हल्की गीली हो, जिससे नमी स्किन के अंदर लंबे समय तक बरकरार रहती है।