डेटिंग ऐप पर 1 साल चला इश्क, जब सामने आई असली उम्र तो उड़ गए होश! हैरान कर देगी राजस्थान की ये घटना!
सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप्स पर शुरू होने वाले प्यार के दावों की जमीनी हकीकत अक्सर चौंकाने वाली होती है। ऐसा ही एक अजीबोगरीब मामला राजस्थान के कोटपुतली-बहरोड़ जिले से सामने आया है, जहां सात समंदर पार कनाडा से शादी रचाने भारत आई 61 वर्षीय एक महिला का सपना पहली ही मुलाकात में बिखर गया। हरियाणा के रहने वाले जिस युवक के प्यार में पड़कर महिला राजस्थान पहुंची थी, उसने महिला की असली उम्र का पता चलते ही शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच जमकर हंगामा हुआ और मामला सीधे कनाडाई दूतावास से होते हुए स्थानीय पुलिस थाने तक पहुंच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा के पानीपत निवासी नितिन एक निजी स्कूल में शिक्षक है। करीब एक साल पहले एक लोकप्रिय डेटिंग ऐप के माध्यम से उसका संपर्क कनाडा की रहने वाली इस महिला से हुआ था। धीरे-धीरे दोनों की ऑनलाइन बातचीत प्यार में बदल गई और बात शादी तक पहुंच गई। शादी का पक्का वादा मिलने पर महिला टूरिस्ट वीजा लेकर 11 नवंबर को भारत पहुंची। नितिन ने खुद दिल्ली एयरपोर्ट पर उसका स्वागत किया और उसे सीधे नीमराना स्थित 'बीबी बिल्डर्स सोसाइटी' में अपने मामा-मामी के फ्लैट पर ले आया। यहां दोनों ने करीब दो दिन साथ बिताए और साथ जीने-मरने की बातें होती रहीं।
मुसीबत तब खड़ी हुई जब शादी की औपचारिक प्रक्रिया और दस्तावेजों की बात आगे बढ़ी। आमने-सामने बातचीत के दौरान जब नितिन को यह मालूम हुआ कि कनाडाई महिला की उम्र 61 साल है, तो उसके होश उड़ गए। उम्र का यह भारी अंतर देखकर युवक ने शादी से हाथ पीछे खींच लिए। इस इनकार के बाद दोनों के बीच तीखी तकरार शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख अनजान मुल्क में फंसी महिला ने 13 नवंबर को नई दिल्ली स्थित कनाडाई दूतावास से संपर्क साधकर अपनी आपबीती सुनाई। दूतावास ने मामले की गंभीरता को भांपते हुए तत्काल राजस्थान पुलिस को अलर्ट भेजा।
कनाडाई दूतावास से सूचना मिलते ही नीमराना थाना पुलिस 14 नवंबर की तड़के करीब 4 बजे सोसाइटी के फ्लैट पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित थाने ले आई। थानाधिकारी सुरेंद्र यादव के मुताबिक, प्राथमिक तौर पर शांति भंग करने के आरोप में युवक को हिरासत में लिया गया था, जिसे बाद में मुचलके पर जमानत दे दी गई। वहीं, कनाडाई महिला को प्रशासनिक सुरक्षा घेरे में कोटपुतली स्थित एक आश्रय केंद्र में रखा गया है। पुलिस अब दूतावास और विदेश मंत्रालय से लगातार संपर्क में है ताकि औपचारिकताएं पूरी कर महिला को सुरक्षित स्वदेश रवाना किया जा सके।