48 घंटे काम, पिंजरे जैसी जिंदगी और 2 बार आत्महत्या की कोशिश; MTV फेम शांभवी के दर्दनाक खुलासे से कांप उठे जज

48 घंटे काम, पिंजरे जैसी जिंदगी और 2 बार आत्महत्या की कोशिश; MTV फेम शांभवी के दर्दनाक खुलासे से कांप उठे जज

सन् 2007 में यूथ-बेस्ड रियलिटी शो 'एमटीवी रोडीज 5.0' से घर-घर में अपनी खास पहचान बनाने वाली शांभवी शर्मा ने लगभग 15 साल बाद 'रोडीज 21: रीबर्थ' के मंच पर धमाकेदार वापसी की है। हालांकि शो में उनकी एंट्री सिर्फ एक कंटेस्टेंट के तौर पर नहीं, बल्कि एक टूटी हुई जिंदगी को समेटकर दोबारा खड़े होने की साहसिक दास्तान के रूप में सामने आई है। मंच पर बातचीत के दौरान शांभवी ने अपनी निजी जिंदगी के बेहद दर्दनाक पन्नों को खोला, जहां उन्होंने 21 साल की उम्र में शादी, विदेश में तंगहाली, पति द्वारा दी गई कथित मानसिक प्रताड़ना और गहरे डिप्रेशन से गुजरने के बाद दिल्ली हाई कोर्ट की सफल वकील बनने के सफर को बयां किया।

शांभवी ने खुलासा किया कि जब उनका करियर एमटीवी के साथ ऊंचाइयों पर था और वे बेहतरीन कमाई कर रही थीं, तभी उन्होंने अपने प्यार की खातिर सब कुछ छोड़ने का फैसला कर लिया। 18 साल की उम्र में शुरू हुए रिश्ते को उन्होंने 21 वर्ष में शादी में बदला और शादी के महज तीन महीने बाद पति के साथ ऑस्ट्रेलिया शिफ्ट हो गईं। चर्चाओं में उनके पति का नाम अभिनेता सुदेश बेरी के बेटे सूरज बेरी से जोड़ा जाता रहा है, हालांकि शो में उन्होंने नाम लेने से परहेज किया। ऑस्ट्रेलिया पहुंचते ही जिंदगी की जमीनी हकीकत बदल गई। ससुराल से आर्थिक मदद बंद होने और पति की सीमित कमाई के चलते हालात इतने बिगड़ गए कि शांभवी को दिन-रात सिर्फ ब्रेड और पानी पीकर गुजारा करना पड़ा। उन्होंने घर का पूरा आर्थिक बोझ अपने कंधों पर उठाया और वीजा की प्राइमरी एप्लीकेंट बनीं।

संघर्ष यहीं खत्म नहीं हुआ; शांभवी का आरोप है कि जब उन्होंने मेहनत कर घर की गाड़ी को संभाला, तो उनके पति के भीतर असुरक्षा की भावना घर करने लगी। उनकी पेशेवर कामयाबी और कंपनी स्पॉन्सरशिप पर अनचाहे सवाल उठाए गए और उन्हें बदतर मानसिक प्रताड़ना से गुजरना पड़ा। शांभवी ने इस दौर की तुलना एक दमघोंटू 'पिंजरे' से की, जहां 48-48 घंटे बिना रुके काम करने और लगातार तनाव के चलते उनकी दिमागी और शारीरिक हालत बेहद खराब हो गई। मानसिक संतुलन बिगड़ने (ब्रेन फॉग) और जिंदगी से पूरी तरह नाउम्मीद हो जाने के कारण उन्होंने दो बार अपनी जान देने की भी कोशिश की।

गंभीर डिप्रेशन से लड़ते हुए शांभवी ने आखिरकार उस जहरीले माहौल से बाहर निकलने का फैसला किया और भारत लौट आईं। यहां उन्होंने कानून की पढ़ाई पूरी की और खुद को दिल्ली हाई कोर्ट में एक सफल मैट्रिमोनियल लॉयर के रूप में स्थापित किया। उन्होंने बताया कि उनके पति बाद में एक्टिंग में करियर तलाशने मुंबई चले गए। दिलचस्प बात यह है कि तमाम कड़वे अनुभवों के बावजूद शांभवी आज भी इंस्टाग्राम पर सूरज बेरी को फॉलो करती हैं और उनकी पोस्ट पर बातचीत करती हैं, हालांकि अपने वैवाहिक रिश्ते के मौजूदा स्टेटस पर उन्होंने सार्वजनिक रूप से चुप्पी साध रखी है। 15 साल के लंबे अंतराल के बाद रोडीज के नए सीजन में उनकी यह वापसी उन सभी महिलाओं के लिए एक मिसाल बनकर उभरी है जो गहरे अंधेरे से निकलकर अपनी पहचान दोबारा हासिल करना चाहती हैं।