तुलसी को मुरझाने से बचाना है तो इन 4 बातों का रखें ध्यान, नहीं तो सूख जाएगी हरियाली

तुलसी को मुरझाने से बचाना है तो इन 4 बातों का रखें ध्यान, नहीं तो सूख जाएगी हरियाली

तुलसी विवाह के पावन अवसर पर घर-घर में तुलसी की विशेष पूजा होती है, लेकिन सर्दियों का मौसम आते ही अक्सर ठंड और कोहरे की मार से तुलसी का पौधा सूखने या मुरझाने लगता है। ज्यादातर घरों में देखरेख के अभाव में पौधा खराब होने पर लोग नया पौधा खरीद लाते हैं, जबकि सही जानकारी और घरेलू उपायों से पुराने और नए दोनों पौधों को सालों-साल हरा-भरा रखा जा सकता है। तुलसी को सूखने से बचाने का सबसे कारगर उपाय खट्टा दही है। हर 15 दिन में थोड़े किण्वित (खट्टे) दही को पानी में घोलकर पौधे की जड़ों में डालने से मिट्टी को जरूरी सूक्ष्म पोषक तत्व मिलते हैं और पौधा तेजी से नई पत्तियां निकालने लगता है।

इसके साथ ही सर्दियों में तुलसी में जरूरत से ज्यादा पानी देना पौधे की जड़ों को सड़ाने की सबसे बड़ी वजह बनता है। पुराने समय में बड़े वृंदावन चौरे होने के कारण पानी आसानी से सोख लिया जाता था, लेकिन आधुनिक फ्लैट्स या घरों के छोटे गमलों में जरूरत से ज्यादा पानी पौधे को खत्म कर देता है। गमले में उचित जल निकासी (ड्रेनेज होल) जरूर रखें और मिट्टी तैयार करते समय 70% भुरभुरी मिट्टी, 15% रेत और 15% सूखे गोबर की खाद का अनुपात रखें, जिससे जड़ों में पानी न रुके। पोषण के लिए महीने में एक-दो बार कंडे (गोबर के उपले) के पानी का छिड़काव मिट्टी में करें और कीड़ों से बचाव के लिए हर 20-22 दिन में सेंधा नमक मिले हल्के पानी का स्प्रे करें।

तुलसी के स्वस्थ विकास के लिए भरपूर धूप और नियमित प्रूनिंग सबसे अहम भूमिका निभाती है। धूप न मिलने पर प्रकाश संश्लेषण रुक जाता है और पौधा कमजोर होकर झुकने लगता है, इसलिए गमले को हमेशा धूप वाली खुली जगह पर रखें। पौधे को घना और हरा-भरा बनाए रखने के लिए समय-समय पर पत्तियों की ऊपरी हल्की छंटाई करें और पौधे पर आने वाली मंजरियों (बीज) को ज्यादा दिन तक न टिकने दें। इन मंजरियों को तोड़कर गमले की ही मिट्टी में दबा देने से पौधे की ऊर्जा नई शाखाओं और पत्तियों को तेजी से बढ़ाने में लगती है।