बंद मकान में धड़ से अलग पड़ा था सिर! छत पर सब्जी तोड़ने गया युवक, नीचे का खौफनाक नजारा देख कांप उठी रूह
झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र अंतर्गत जोरार स्थित न्यू स्वर्णरेखा नगर में गुरुवार को एक बंद मकान के परिसर से करीब एक महीने पुराना शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतक एक पुरुष है, जिसकी उम्र 25 से 28 वर्ष के बीच बताई जा रही है, और उसका सिर धड़ से अलग मिला। सूचना मिलते ही डीएसपी मुख्यालय-वन अमर कुमार पांडेय और नामकुम पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा छानबीन शुरू की। डीएसपी के मुताबिक, यह इलाका नदी किनारे बसा है और आसपास घनी आबादी नहीं होने के चलते शव लंबे समय तक पड़े रहने के बावजूद किसी की नजर में नहीं आ सका।
गुरुवार की सुबह एक स्थानीय युवक जब अपने घर की छत पर सब्जी तोड़ने के लिए गया, तो उसे तेज दुर्गंध महसूस हुई। दुर्गंध की दिशा में परिसर में पहुंचने पर उसने वहां शव देखा और घबराकर तुरंत पड़ोसियों को जानकारी देने के बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात का जायजा लिया और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाया। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने बताया कि शव का मांस पूरी तरह गल-सड़ चुका है और अवशेष के रूप में कंकाल बचा है। इस वजह से यह साफ नहीं हो पाया है कि युवक की हत्या कर सिर अलग किया गया या फांसी लगाने के बाद शव सड़ने से सिर धड़ से अलग हुआ; पुलिस दोनों पहलुओं पर गहराई से पड़ताल कर रही है। घटनास्थल से काले रंग की टी-शर्ट टंगी मिली है और शव पर जींस पैंट मौजूद थी।
मकान की मालकिन ने पुलिस को बताया कि उन्होंने यह मकान किराए पर देने के लिए बनवाया था, लेकिन किराएदार न मिलने के कारण यह कई महीनों से सूना पड़ा था। करीब डेढ़ महीने पहले स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया था कि ताला तोड़कर कुछ नशेड़ी वहां अड्डा जमा रहे हैं, जिसके बाद उन्होंने सफाई करवाकर नया ताला लगाया था। कुछ समय बाद फिर से ताला टूटने की खबर मिली तो दोबारा ताला लगवाया गया, लेकिन उसके बाद वह उधर नहीं गईं। शव के काफी पुराना हो जाने के कारण पहचान करना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है। पुलिस अब आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का रिकॉर्ड खंगाल रही है, स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर मौत की असली वजह सामने लाने में जुटी है।