नौकरी का झांसा देकर बनाया बंधक, फिर जबरन कराया ऐसा काम... पुलिस ने 10 लड़कियों को छुड़ाया तो खुली खौफनाक सच्चाई!
बिहार के भोजपुर जिले के धोबहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन नया सवेरा 3.0 के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रोजगार के नाम पर बंधक बनाई गई एक नाबालिग समेत 10 लड़कियों को मुक्त कराया है। गुरुवार को की गई इस छापेमारी में जबरन नर्तकी का काम कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो महिला संचालकों समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में धोबहा के शुकुलपुरा गांव का निवासी, चौरी के छतरपुर गांव का मो. फैजान आलम, बबुरा के गोवर्धन चौक का सतीश कुमार और पश्चिम बंगाल व छत्तीसगढ़ की रहने वाली दो महिला संचालक शामिल हैं।
सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार के मुताबिक, गुरुवार को सूचना मिली थी कि धोबहा थाना क्षेत्र के बागीचे इलाके में आर्केस्ट्रा व नृत्य के काम के लिए कुछ बालिग और नाबालिग लड़कियों को जबरन बंधक बनाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अवधेश के निर्देश पर ऑपरेशन नया सवेरा के तहत विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें महिला पुलिसकर्मी, धोबहा थानाध्यक्ष और दारोगा जूली कुमारी शामिल रहीं। टीम ने मौके पर दबिश देकर एक नाबालिग समेत 10 लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया। मुक्त कराई गई लड़कियां भोजपुर, रोहतास और बक्सर के अलावा छत्तीसगढ़ व पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं। पूछताछ में लड़कियों ने बताया कि उन्हें काम दिलाने का झांसा देकर बुलाया गया था और बाद में जबरन नर्तकी का काम कराते हुए बंधक बना लिया गया।
पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से मुक्त हुई लड़कियों ने राहत की सांस ली है और उनके सुरक्षित भविष्य व पुनर्वास को लेकर भी आवाजें उठ रही हैं ताकि वे दोबारा ऐसे चंगुल में न फंसें। गौरतलब है कि इससे पहले 11 अक्टूबर को भी इसी क्षेत्र में छापेमारी कर बंधक बनाई गई 12 बालिग और नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया था और दो संचालकों को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन इसके बावजूद इस अवैध धंधे के जारी रहने से पुलिस की निगरानी और सख्त कार्रवाई की जरूरत महसूस की जा रही है।