सिराज बाहर हुए तो भड़के इमरान मसूद, बोले- नाम की वजह से भेदभाव; रवि शास्त्री ने भी दागे सवाल

सिराज बाहर हुए तो भड़के इमरान मसूद, बोले- नाम की वजह से भेदभाव; रवि शास्त्री ने भी दागे सवाल

न्यूज़ीलैंड के खिलाफ चल रहे पहले टेस्ट मैच में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखने पर सियासत से लेकर क्रिकेट जगत तक बवाल मच गया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सिराज को नजरअंदाज किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे भेदभाव करार दिया है।

भारत ने इस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह की अगुवाई में प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और अंशुल कंबोज के रूप में चार तेज गेंदबाजों और स्पिन विकल्प के तौर पर वाशिंगटन सुंदर को उतारा। इमरान मसूद ने कहा कि सिराज के बेहतर प्रदर्शन के बावजूद उन्हें बाहर रखना समझ से परे है और सवाल उठाते हुए कहा कि क्या उनका नाम सिराज होने की वजह से उन्हें जगह नहीं मिली, क्योंकि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद न चुनना साफ भेदभाव को दर्शाता है।

सिराज हाल ही में श्रीलंका दौरे पर खेले गए दोनों टेस्ट मैचों में टीम का हिस्सा रहे थे, लेकिन बेसिन रिजर्व में खेले जा रहे इस टेस्ट की अंतिम एकादश से उन्हें बाहर रखा गया। इस फैसले पर पूर्व भारतीय हेड कोच रवि शास्त्री ने भी कड़ा ऐतराज जताया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शास्त्री ने लिखा कि टीम इंडिया मजबूती से वापसी करेगी, लेकिन जब पेस, स्किल और सीम मूवमेंट मुख्य मानदंड हों और 140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार निकालना मुश्किल हो, तो सिराज की गैरमौजूदगी पर सवाल उठना लाजमी है। शास्त्री ने सिराज के अनुभव, आक्रामकता और गेंद को मूव कराने की क्षमता को अहम बताया। वहीं पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने भी 'एक्स' पर लिखा कि वे वाशिंगटन सुंदर को शामिल करने की वजह तो समझ सकते हैं, लेकिन सिराज को बाहर रखने का कारण उनकी समझ से बाहर है।

मैच के घटनाक्रम की बात करें तो भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था, जो शुरुआती सत्र में कारगर साबित हुआ। भारतीय तेज गेंदबाजों ने लंच तक न्यूज़ीलैंड के 4 विकेट 60 रन पर गिरा दिए और इसके बाद टॉम ब्लंडेल के आउट होने से मेजबान टीम 70/5 पर सिमट गई। हालांकि, इसके बाद हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स ने नाबाद 173 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला और पहले दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूज़ीलैंड को 5 विकेट पर 243 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया।