हर बात पर जुबान खोलना समझदारी नहीं, चाणक्य नीति के ये 6 नियम सिखाते हैं कब खामोश रहने में है भलाई
जीवन में अक्सर हम दूसरों को समझदारी से खामोश रहने का मशविरा देते हैं, लेकिन जब खुद पर बात आती है तो बिन मांगे राय देने की आदत से बाज नहीं आते। हर बातचीत या घटना पर प्रतिक्रिया देना जरूरी नहीं होता। अंग्रेजी की एक मशहूर कहावत है कि तभी बोलें जब आपके शब्द खामोशी से ज्यादा खूबसूरत और असरदार हों। आचार्य चाणक्य के नीतिशास्त्र में भी वाणी के संयम को सबसे बड़ा अस्त्र माना गया है। चाणक्य नीति के अनुसार, क्या और कैसे बोलना है, इससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण यह जानना है कि कब, कहां और किसके सामने पूरी तरह चुप रहना चाहिए। आचार्य चाणक्य ने ऐसी छह संवेदनशील परिस्थितियों का उल्लेख किया है, जहां जुबान बंद रखने से इंसान अपमान और बेवजह के विवादों से हमेशा सुरक्षित रहता है।
जब दो लोग आपस में तीखी बहस या गहरे विवाद में उलझे हों, तो उस समय बीच में कूदकर पंच बनने की कोशिश करना खुद के पैर पर कुल्हाड़ी मारने जैसा है। तनाव के उस माहौल में आपकी नेक नीयत से दी गई सलाह का भी गलत अर्थ निकाला जा सकता है। किसी एक का पक्ष लेने पर दूसरा नाराज होगा और निष्पक्ष रहने पर मुमकिन है कि दोनों पक्ष मिलकर आपको ही दोषी ठहरा दें। इसलिए जब तक मामला पूरी तरह शांत न हो जाए या दोनों में से कोई खुद मदद न मांगे, तब तक तमाशबीन बनकर खामोश रहना ही बुद्धिमानी है।
दूसरा अहम नियम यह है कि जब सामने वाला व्यक्ति सुनने या समझने की मानसिक स्थिति में न हो, तो अपनी ऊर्जा नष्ट नहीं करनी चाहिए। मार्गदर्शन या सुझाव केवल उसी को देना चाहिए जो उसे ग्रहण करने के लिए तैयार हो। अगर किसी ने पहले से ही अपना पूर्वाग्रह बना रखा है, तो उस पर अपने विचार थोपने के बजाय एक कदम पीछे हट जाना ही बेहतर विकल्प है।
इसी तरह, जिस जगह या महफिल में आपके विचारों और बातों की कोई कद्र न हो, वहां खुद को सही साबित करने के लिए चीखना-चिल्लाना अपनी प्रतिष्ठा गिराना है। चाणक्य मानते हैं कि हर बहस जीतना जरूरी नहीं होता। जहां शब्दों का अनादर हो, वहां आपकी चुप्पी ही सबसे बड़ा जवाब और आत्मसम्मान की ढाल बनती है।
अधूरा ज्ञान हमेशा घातक साबित होता है। किसी गंभीर विषय, कानून या घटना की पूरी सच्चाई जाने बिना केवल कयासों के आधार पर राय रखना व्यक्ति को हंसी का पात्र बना देता है। ऐसे मौकों पर गलत बयानी करने से बेहतर है कि इंसान खुले दिल से स्वीकार करे कि उसे पूरी जानकारी नहीं है और चुप रहे।
इसके अलावा, दूसरों के पारिवारिक और निजी मामलों में टांग अड़ाना सबसे बड़ी भूल साबित होती है। पारिवारिक रिश्तों के गहरे ताने-बाने और आंतरिक भावनाओं को कोई बाहरी व्यक्ति कभी पूरी तरह नहीं समझ सकता। पति-पत्नी या परिजनों के झगड़े आज हैं तो कल सुलझ भी जाएंगे, लेकिन आवेश के बीच आपकी अवांछित टिप्पणी रिश्तों में जीवन भर के लिए कड़वाहट घोल सकती है।
छठा और सबसे महत्वपूर्ण नियम है क्रोध के समय का संयम। जब कोई व्यक्ति गुस्से से आगबबूला हो, तब उसकी सोचने-समझने की तार्किक शक्ति शून्य हो जाती है। उस क्षण दी गई सही सलाह भी उसे अपने खिलाफ हमला जान पड़ती है। जलती आग में तर्कों का घी डालने के बजाय उस समय शांत रहना चाहिए। जब गुस्सा ठंडा हो जाए और परिस्थितियां सामान्य हों, तभी कही गई बात का असर होता है और उसे सहजता से स्वीकार किया जाता है।