दुर्गा पूजा की छुट्टियों में साइबर इमरजेंसी, नेपाल के सरकारी सिस्टम में लगी ऐसी सेंध कि बंद करनी पड़ीं वेबसाइट्स
नेपाल में गंभीर तकनीकी और साइबर सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए गुरुवार को अधिकांश प्रमुख सरकारी वेबसाइटें अस्थायी रूप से बंद (डाउन) कर दी गईं। सॉफ्टवेयर विकास तथा संचालन केंद्र के अनुसार, दुनियाभर में पीएचपी (PHP) आधारित सिस्टम में बड़ी सुरक्षा खामियां सामने आने के बाद यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक पूरे सिस्टम की तकनीकी जांच और आवश्यक सुरक्षा परीक्षण पूरे नहीं हो जाते, तब तक पोर्टल बंद रहेंगे और सुरक्षा सुनिश्चित होते ही इन्हें चरणबद्ध तरीके से दोबारा शुरू किया जाएगा।
सॉफ्टवेयर विकास तथा संचालन केंद्र ने विस्तार से बताया कि सामने आई खामियां बेहद संवेदनशील हैं, जिनकी मदद से साइबर हमलावर बिना किसी लॉगिन या अनुमति के सीधे मुख्य सर्वर पर रिमोट कोड रन कर सकते थे। इससे सरकारी डेटा चोरी होने, वेबसाइट्स हैक होने या महत्वपूर्ण फाइलों को नुकसान पहुंचने का भारी खतरा मंडरा रहा था। संभावित बड़े नुकसान से बचने के लिए तुरंत प्रभाव से सरकारी पोर्टलों और सर्वरों को ऑफलाइन करने का फैसला लिया गया।
दुर्गा पूजा की छुट्टियों के बीच भी सॉफ्टवेयर विकास तथा संचालन केंद्र के साथ-साथ आईटी विशेषज्ञों और संबंधित तकनीकी टीमों को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है। साइबर एक्सपर्ट्स लगातार सिस्टम की कोडिंग और सुरक्षा दीवारों की जांच करने में जुटे हैं ताकि संभावित खतरों को बेअसर किया जा सके। सरकार ने आश्वासन दिया है कि पैचिंग और कड़े सुरक्षा ऑडिट के बाद नागरिक सेवाओं से जुड़े सभी ऑनलाइन सिस्टम को जल्द और सुरक्षित तरीके से चालू कर दिया जाएगा।