हेगले ओवल में हुआ ऐतिहासिक चमत्कार! 226 रनों का असंभव लक्ष्य चेज कर टीम इंडिया ने रचा नया इतिहास!
हेगले ओवल के मैदान पर भारतीय क्रिकेट टीम ने जेट लैग और थकान को पीछे छोड़ते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज का आगाज धमाकेदार अंदाज में किया है। बेंगलुरु में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलने के महज पांच दिन बाद, हजारों किलोमीटर का सफर तय कर मैदान में उतरी श्रेयस अय्यर की टीम ने 226 रनों के रिकॉर्ड लक्ष्य को 4 विकेट रहते हासिल कर लिया। हेगले ओवल के इतिहास में यह अब तक का सबसे बड़ा सफल रन चेज साबित हुआ है।
मैच में चार साल के लंबे अंतराल के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गेंदबाजी करने उतरे अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार पर सभी की निगाहें थीं। उन्होंने शुरुआत तो कसी हुई की और पहले ओवर में सिर्फ चार रन दिए, लेकिन पिच की मदद के बावजूद भारतीय गेंदबाजी लय भटक गई। सभी पांच भारतीय गेंदबाजों ने 10 रन प्रति ओवर से ज्यादा लुटाए। ग्लेन फिलिप्स के 40 गेंदों पर नाबाद 82 रन, फिन एलन के 45 और अंत में बेवॉन जैकब्स के 16 गेंदों पर नाबाद 31 रनों की बदौलत न्यूजीलैंड ने 225 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
226 रनों के भारी-भरकम लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पावरप्ले में ही 93 रन कूटकर कीवी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। अभिषेक ने 12 गेंदों पर 29 रन बनाए, जबकि संजू सैमसन ने 33 गेंदों पर 67 रनों की विस्फोटक पारी खेली। हालांकि, नंबर तीन पर प्रमोट किए गए तिलक वर्मा और उनके बाद ईशान किशन जल्दी पवेलियन लौट गए, जिससे भारतीय खेमे में दबाव बढ़ गया था।
मुश्किल घड़ी में कप्तान श्रेयस अय्यर (42 रन) और अक्षर पटेल (24 रन) ने 45 रनों की साझेदारी कर पारी को पटरी पर लौटाया। आखिरी पलों में जब जीत के लिए 11 गेंदों में 16 रनों की जरूरत थी और मुकाबला कांटे का हो चुका था, तब नमन धीर ने 15 गेंदों पर नाबाद 42 रनों की आक्रामक पारी खेलकर मैच पूरी तरह भारत की झोली में डाल दिया। इस जीत के साथ ही भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।