यूपी के इस जिले में कल सभी स्कूल बंद, प्रशासन का सख्त आदेश जारी

यूपी के इस जिले में कल सभी स्कूल बंद, प्रशासन का सख्त आदेश जारी

उत्तर प्रदेश विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के तहत शुक्रवार, 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के मद्देनजर राजधानी लखनऊ के सभी स्कूलों में छुट्टी का ऐलान कर दिया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) विपिन कुमार और जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) देवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने संयुक्त आदेश जारी किया है। इस फैसले के तहत शहर के नर्सरी से लेकर 12वीं कक्षा तक के सभी प्राइमरी, यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य मान्यता प्राप्त व सहायता प्राप्त निजी व सरकारी स्कूल पूरी तरह बंद रहेंगे। प्रशासन ने सभी स्कूलों को इस आदेश का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है।

लखनऊ खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। जिले भर में 121 मतदान केंद्र और 259 पोलिंग बूथ तैयार किए गए हैं। पूरी व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए इलाके को 9 जोन और 45 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। गुरुवार को 1030 मतदान कर्मियों की ड्यूटी के साथ सभी पोलिंग पार्टियां 134 वाहनों (72 भारी और 62 हल्के वाहन) के जरिए अपने-अपने बूथों के लिए रवाना हो गईं। सुरक्षा और चुनाव सामग्री की सुरक्षित वापसी के लिए कड़े पहरे का इंतजाम किया गया है।

इस बार स्नातक और शिक्षक दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर कुल 1,16,491 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। अंतिम मतदाता सूची के अनुसार स्नातक क्षेत्र में 96,070 और शिक्षक क्षेत्र में 20,421 मतदाता पंजीकृत हैं। वोटिंग के लिए स्नातक वर्ग के 138 और शिक्षक वर्ग के 121 बूथ निर्धारित किए गए हैं।

निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के मुताबिक मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी तरह के प्रचार पर पूरी रोक लगा दी गई है। इस परिधि में टेबल लगाने, झंडे-बैनर, लाउडस्पीकर और अनधिकृत वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी रहेगी। मतदाताओं को अपनी पहचान साबित करने के लिए वोटर आईडी या चुनाव आयोग द्वारा मान्य पहचान पत्र (जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या पासपोर्ट) साथ लाना अनिवार्य होगा। मतदान पूरा होने के बाद सभी सीलबंद मतपेटियों को रमाबाई रैली स्थल स्थित मुख्य मतगणना केंद्र में कड़ी सुरक्षा के बीच जमा कराया जाएगा।