10 छक्के, 21 चौके और 202 रन! इंग्लैंड के कप्तान ने मैदान पर मचाया ऐसा तांडव, थर्रा उठी श्रीलंकाई टीम

10 छक्के, 21 चौके और 202 रन! इंग्लैंड के कप्तान ने मैदान पर मचाया ऐसा तांडव, थर्रा उठी श्रीलंकाई टीम

रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने बल्ले से ऐसा गदर मचाया कि एक के बाद एक कई बड़े विश्व रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। श्रीलंका के खिलाफ वनडे ट्राई-सीरीज़ के मुकाबले में ब्रूक ने महज 114 गेंदों में दोहरा शतक ठोककर सनसनी फैला दी। इस तूफानी पारी के साथ ही उन्होंने शुभमन गिल के सबसे तेज़ वनडे दोहरे शतक के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इसके अलावा, ग्लेन मैक्सवेल के बाद वह गैर-सलामी बल्लेबाज (नॉन-ओपनर) के रूप में यह कारनामा करने वाले दुनिया के केवल दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं।

हैरी ब्रूक सीमित ओवरों के क्रिकेट में दोहरा शतक बनाने वाले इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं। अब उनके नाम एकदिवसीय इतिहास में किसी भी यूरोपीय और इंग्लिश बल्लेबाज का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर दर्ज हो गया है, जहां उन्होंने पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। ब्रूक पारी की अंतिम गेंद पर जेनिथ लियानागे का शिकार बनने से पहले 116 गेंदों पर 21 चौकों और 10 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 202 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

मैच में टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लिश टीम को टॉम बैंटन (अर्धशतक) और बेन डकेट (29 रन) ने 74 रनों की मजबूत शुरुआत दी। इसके बाद नंबर तीन पर आए अनुभवी जो रूट ने 66 गेंदों पर 69 रनों की क्लासिक पारी खेली और कप्तान ब्रूक के साथ तीसरे विकेट के लिए 159 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी की। रूट के आउट होने के बाद ऑलराउंडर विल जैक्स ने मोर्चा संभाला और मैदान के चारों ओर चौके-छक्कों की बरसात करते हुए सिर्फ 30 गेंदों में नाबाद 66 रन ठोक डाले।

इंग्लैंड ने निर्धारित 50 ओवरों में 429 रनों का विशालकाय स्कोर खड़ा किया। पाकिस्तान के खिलाफ पहला मैच गंवाने के बाद भारी दबाव में खेल रही इंग्लिश टीम ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 430 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा है।

प्लेइंग इलेवन:

  • इंग्लैंड: बेन डकेट, टॉम बैंटन, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जॉर्डन कॉक्स (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, गस एटकिंसन, जोश टंग।

  • श्रीलंका: अविष्का फर्नांडो, कामिंडू मेंडिस, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर/कप्तान), पवन रथनायके, सहान अराचिगे, जनिथ लियानागे, दासुन शनाका, दुनिथ वेल्लालेज, ईशान मलिंगा, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका।