पटना MLC चुनाव से पहले बड़ा सियासी उलटफेर, बाहुबली अनंत सिंह को झटका देकर नीरज के घर पहुंचे नीतीश कुमार

पटना MLC चुनाव से पहले बड़ा सियासी उलटफेर, बाहुबली अनंत सिंह को झटका देकर नीरज के घर पहुंचे नीतीश कुमार

बिहार विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के मतदान से ठीक एक दिन पहले राजधानी पटना में बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने पटना स्नातक सीट से पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के घर जाकर उन्हें जीत का आशीर्वाद दे दिया। नीतीश के इस कदम को मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के लिए सीधा और कड़ा झटका माना जा रहा है, जो पिछले कई दिनों से खुलकर नीरज कुमार की हार की रणनीति बना रहे थे।

नीतीश कुमार गुरुवार दोपहर पटना के राजवंशी नगर स्थित नीरज कुमार के आवास पर पहुंचे। वहां उन्होंने नीरज के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। पूर्व मुख्यमंत्री ने उनके परिवार के सदस्यों से भी बातचीत की और डॉक्टरों की सलाह को ध्यान में रखते हुए चुनावी रणनीति पर आगे बढ़ने का सुझाव देते हुए नीरज को विजयी होने की शुभकामनाएं दीं। इस मुलाकात के बाद यह साफ हो गया कि जेडीयू नेतृत्व पूरी मजबूती के साथ नीरज कुमार के पीछे खड़ा है।

यह मुलाकात इसलिए बेहद अहम है क्योंकि दो दिन पहले मोकामा विधायक अनंत सिंह ने दावा किया था कि यह दलगत चुनाव नहीं है और नीतीश कुमार को इस चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है। अनंत सिंह पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के आधिकारिक प्रत्याशी नीरज के खिलाफ ताल ठोक रहे निर्दलीय उम्मीदवार अनुज सिंह का खुलकर प्रचार कर रहे हैं। अनंत सिंह का कहना था कि विधानसभा चुनाव में नीरज ने उनका विरोध किया था, इसलिए वे इस चुनाव में बदला ले रहे हैं और नीरज को किसी भी हाल में जीतने नहीं देंगे।

एमएलसी चुनाव के मद्देनजर नीतीश कुमार गुरुवार को पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आए। सुबह 7 सर्कुलर रोड स्थित आवासीय कार्यालय में उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, उपनेता ललन सर्राफ और मुख्य सचेतक संजय गांधी के साथ सभी 8 सीटों की तैयारियों की गहन समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने जेडीयू प्रदेश कार्यालय पहुंचकर चुनाव मॉनिटरिंग टीम और राष्ट्रीय चुनाव पदाधिकारी अनिल प्रसाद हेगड़े से फीडबैक लिया। नीतीश ने दावा किया कि एनडीए स्नातक और शिक्षक निर्वाचन की सभी 8 सीटों पर शानदार जीत दर्ज करेगा।

पटना स्नातक सीट सहित बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर शुक्रवार को मतदान होना है, जहां 5 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इस चुनाव की मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी।