नाश्ते में की गई ये 1 गलती पूरे दिन बढ़ा देगी शुगर, डॉक्टर ने दी हाथ जोड़कर चेतावनी

नाश्ते में की गई ये 1 गलती पूरे दिन बढ़ा देगी शुगर, डॉक्टर ने दी हाथ जोड़कर चेतावनी

सुबह की आपाधापी में दफ्तर या काम पर निकलते ही ज्यादातर लोग चाय के साथ समोसे, ब्रेड पकौड़े, पराठे या बिस्कुट खा लेते हैं। तुरंत पेट भरने वाले ये लोकप्रिय नाश्ते सामान्य व्यक्ति के साथ-साथ खासतौर पर डायबिटीज के मरीजों के लिए बेहद नुकसानदेह साबित होते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, सुबह के समय की गई डाइट की मामूली लापरवाही पूरे दिन के ब्लड शुगर संतुलन को बिगाड़ सकती है। 

शारदा हॉस्पिटल के इंटरनल मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. भुमेश त्यागी के अनुसार, सुबह जागते ही शरीर में कोर्टिसोल और ग्रोथ हार्मोन का स्तर बढ़ता है, जो लिवर में ग्लूकोज निर्माण को तेज करते हैं और कुछ देर के लिए इंसुलिन सेंसिटिविटी घटा देते हैं। इसे मेडिकल भाषा में 'डॉन फेनोमेनन' के रूप में भी समझा जाता है। जब शरीर में पहले से इंसुलिन की कमी या रुकावट हो, तो यह प्रक्रिया खाली पेट फास्टिंग ब्लड शुगर को एकदम से ऊपर पहुंचा देती है।

सवेरे उठते ही चाय या कॉफी पीने में कोई खराबी नहीं है, लेकिन उसमें डलने वाली चीनी और साथ में खाए जाने वाले मैदे के बिस्कुट सारा खेल बिगाड़ते हैं। खाली पेट चीनी और रिफाइंड कार्ब्स सीधे खून में घुलकर ग्लूकोज स्पाइक पैदा करते हैं। इसलिए डायबिटीज के मरीजों को मीठी चाय, सफेद ब्रेड, आलू के पराठे, पैकेटबंद मीठे सीरियल्स और पैकेज्ड फ्रूट जूस से पूरी तरह परहेज करना चाहिए। फलों के जूस में फाइबर निकल जाता है और सिर्फ फ्रुक्टोज बचता है, जिससे शुगर तेजी से चढ़ती है। इसकी जगह मरीज को हमेशा साबुत ताजे फल खाने चाहिए, जिससे पर्याप्त रफेज मिले और शरीर में ग्लूकोज का अवशोषण धीरे-धीरे हो।

डॉ. त्यागी सलाह देते हैं कि सुबह का नाश्ता हाई-प्रोटीन और हाई-फाइबर से भरपूर होना चाहिए ताकि पेट लंबे समय तक भरा रहे और इंसुलिन पर दबाव न पड़े। नाश्ते की थाली में उबले अंडे, पनीर, ताजा दही, अंकुरित अनाज (स्प्राउट्स), बेसन या मूंग दाल का चीला, हल्की सिकी हुई हरी सब्जियां, नट्स और चोकरयुक्त साबुत अनाज को प्राथमिकता देनी चाहिए। यह संतुलित संयोजन भोजन के बाद अचानक शुगर बढ़ने के खतरे को थाम लेता है।

नाश्ता करने के तुरंत बाद कुर्सी पर बैठ जाने या लेट जाने की आदत भी शुगर स्पाइक को बढ़ावा देती है। डॉक्टर की सलाह है कि ब्रेकफास्ट खत्म करने के बाद 10 से 15 मिनट की हल्की वॉक जरूर करें। नाश्ते के बाद हल्का शारीरिक मूवमेंट मांसपेशियों को अतिरिक्त ग्लूकोज इस्तेमाल करने के लिए सक्रिय करता है, जिससे पोस्ट-मील ब्लड शुगर नियंत्रित रहता है और समय के साथ शरीर की इंसुलिन सेंसिटिविटी भी मजबूत होती है।