गैंगरेप पीड़िता के साथ हैवानियत की हद पार! केस वापस नहीं लिया तो छत से नीचे फेंका, खून से लथपथ मिली महिला
बिहार के बेगूसराय में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए अपराधियों ने सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। 11 जून को गैंगरेप का शिकार हुई महिला को केस वापस न लेने पर दरिंदों ने इस बार घर की छत से नीचे फेंक कर जान से मारने की कोशिश की। गंभीर रूप से जख्मी पीड़िता को खून से लथपथ हालत में बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है।
पीड़िता के परिजनों के अनुसार, रात के अंधेरे में बेखौफ बदमाश उनके घर में दाखिल हुए। आरोपियों ने पहले पीड़िता के देवर के कमरे को बाहर से बंद कर दिया। अंदर से आवाज आने पर जैसे ही पीड़िता दरवाजा खोलने आगे बढ़ी, घात लगाए बदमाशों ने उसे दबोच लिया। आरोपी जबरन उसे घसीटते हुए छत पर ले गए, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और फिर जान से मारने की नीयत से सीधे छत से नीचे जमीन पर फेंक दिया। चीख-पुकार सुनकर जब तक परिजन और पड़ोसी बाहर निकले, हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे।
परिजनों का सीधा आरोप है कि जून में हुए गैंगरेप मामले में पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों को जेल भेजा था, लेकिन जेल से और बाहर घूम रहे उनके गुर्गे निरंतर पीड़िता पर समझौता करने और मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे थे। केस वापस न लेने पर अंजाम भुगतने की निरंतर धमकियां दी जा रही थीं। बात न मानने पर सुनियोजित तरीके से इस जानलेवा हमले को अंजाम दिया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। हेडक्वार्टर डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयानों के आधार पर एक नामजद सहित दो आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी भोगल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे पूछताछ जारी है। पुलिस की विशेष टीमें अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं।