अचानक धंस गई जमीन! हाईटेंशन पोल गिरा, यूपी में आधा दर्जन से ज्यादा ट्रेनों के रूट बदले
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर-झिंगुरा रेलखंड पर मंगलवार शाम करीब सात बजे उस वक्त हड़कंप मच गया जब तीसरी रेल लाइन के निर्माण कार्य के दौरान अचानक भारी मिट्टी धंस गई। मिट्टी खिसकने की वजह से रेलवे का हाईटेंशन पोल झुककर गिर पड़ा, जिससे डाउन लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही तुरंत रोकनी पड़ी। हालांकि रेलवे कंट्रोल रूम की तत्परता से अप लाइन पर परिचालन सामान्य रहा। घटना की खबर मिलते ही रेलवे की तकनीकी और इंजीनियरिंग टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर ट्रैक व ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन की मरम्मत का काम शुरू किया।
इस तकनीकी खराबी के चलते रेलवे प्रशासन को आधा दर्जन से अधिक प्रमुख ट्रेनों के रूट में बदलाव करना पड़ा। डाउन लाइन बाधित होने से गाड़ी संख्या 12274, 12398, 12368 और 12947 को प्रयागराज जंक्शन-रामबाग-बनारस-वाराणसी होते हुए पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन के रास्ते रवाना किया गया। इसी तरह ट्रेन संख्या 26505, 12167 और 22971 को भी बदले हुए मार्ग से चलाया गया, जबकि सूबेदारगंज-पंडित दीन दयाल उपाध्याय मेमू पैसेंजर (63238) को निरस्त कर प्रयागराज छिवकी पर ही रोक दिया गया। रातभर चले रेस्क्यू और मरम्मत कार्य के बाद बुधवार तड़के 3:36 बजे ट्रायल लोको इंजन चलाकर सुरक्षा परखी गई, जिसके बाद सुबह 4 बजे से इस व्यस्त रूट पर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह सामान्य कर दिया गया।
दूसरी ओर पूर्वोत्तर राज्य असम से भी एक रेल दुर्घटना की खबर आई, जहां गुवाहाटी के समीप दिगारू रेलवे स्टेशन पर मिजोरम से कोलकाता जा रही कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस बेपटरी हो गई। स्टेशन लूप लाइन पर दूसरी ट्रेन को क्रॉसिंग देने के दौरान लोको पायलट गति नियंत्रित नहीं कर सके, जिससे ट्रेन का इंजन और पांच बोगियां ट्रैक से उतर गईं। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल टल गया।