खेलते-खेलते मौत के गड्ढे में समा गया 4 साल का मासूम! दिल्ली में खुले सीवर ने निगल ली एक और जिंदगी?

खेलते-खेलते मौत के गड्ढे में समा गया 4 साल का मासूम! दिल्ली में खुले सीवर ने निगल ली एक और जिंदगी?

राजधानी दिल्ली के नांगलोई विहार क्षेत्र स्थित दास गार्डन कॉलोनी से एक बेहद रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां पार्क के पास खेलते समय चार साल का एक मासूम बच्चा खुले सीवर के मैनहोल में समा गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF), दिल्ली फायर सर्विसेज, दिल्ली पुलिस और डीडीएमए (DDMA) की संयुक्त टीमों ने मौके पर मोर्चा संभालते हुए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

लापता बच्चे की पहचान चार वर्षीय इमरान के रूप में हुई है। बच्चे के पिता खुर्शीद आलम ने भारी मन से बताया कि उनका बेटा घर के पास पार्क में खेलने निकला था। इसी दौरान वह शौच के लिए पास में बने नाले की तरफ गया, जहां सीवर का ढक्कन खुला पड़ा था और पैर फिसलने से वह सीधे गहरे मैनहोल में जा गिरा। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद दमकल विभाग के एक अधिकारी का कहना है कि प्राथमिक जानकारी के मुताबिक बच्चा अपनी मां के साथ मौजूद था, तभी अचानक असंतुलित होकर खुले मैनहोल में गिर गया।

दमकल नियंत्रण कक्ष को सुबह करीब 9:45 बजे हादसे की इमरजेंसी कॉल मिली थी। सूचना के चंद मिनटों के भीतर रेस्क्यू यूनिट्स को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। फिलहाल एनडीआरएफ के गोताखोर और बचावकर्मी ऑक्सीजन और आधुनिक उपकरणों की मदद से सीवर लाइन के भीतर बच्चे की तलाश कर रहे हैं। प्रशासन ने सीवर के बहाव वाले रास्तों पर भी जाल बिछाकर निगरानी बढ़ा दी है।

हादसे के बाद से ही मासूम के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे बदहवास हालत में रेस्क्यू स्थल पर टकटकी लगाए बैठे हैं। स्थानीय लोगों में खुले मैनहोल को लेकर भारी आक्रोश है और वे संबंधित विभाग की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं। कई घंटे बीत जाने के बाद भी बचाव दल लगातार मशक्कत कर रहा है, हालांकि अभी तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

Tags: