बागपत में दिवाली पर खूनी संघर्ष: राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड को लगी गोली, हालत नाजुक

बागपत में दिवाली पर खूनी संघर्ष: राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड को लगी गोली, हालत नाजुक

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दिवाली की रात पटाखे फोड़ने को लेकर हुए विवाद में राष्ट्रपति के अंगरक्षक (PBG) के एक 26 वर्षीय जवान को सिर में गोली मार दी गई। वारदात रमाला थाना क्षेत्र के गोपालपुर खदाना गांव की है। घायल जवान सौरभ तोमर वर्ष 2021 में सेना में भर्ती हुए थे और वर्तमान में नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति के अंगरक्षक के रूप में तैनात हैं। वह दिवाली की छुट्टी पर अपने पैतृक गांव आए हुए थे।

घटना 8 नवंबर की रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। सौरभ अपने भाइयों विनीत और मिंटू के साथ घर के बाहर पटाखे जला रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही दो सगे भाई धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण अवैध तमंचे और लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर धीरज ने सीधे फायरिंग कर दी। गोली दीवार से टकराकर उछली और सौरभ के कान के ठीक पीछे सिर में जा धंसी। इस बीच हमलावरों ने सौरभ के बड़े भाई विनीत के सिर पर लाठियों से हमला कर उसे भी लहूलुहान कर दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

परिजन आनन-फानन में दोनों भाइयों को बड़ौत के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया। मेरठ के एक निजी अस्पताल में चिकित्सकों ने जटिल सर्जरी के जरिए जवान के सिर में फंसी गोली को बाहर निकाल लिया है। सौरभ तोमर अभी भी आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं, जबकि विनीत का उपचार भी जारी है।

बागपत पुलिस के अनुसार, पीड़ित के पिता जनकराज की तहरीर पर रमाला थाने में धीरज और मोनू के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बागपत पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।