Smart TV Privacy Risk: बेडरूम में लगा टीवी भी सुन रहा है आपकी पर्सनल बातें, तुरंत बदल लें ये जरूरी सेटिंग्स
ड्राइंग रूम या बेडरूम में लगा स्मार्ट टीवी केवल मनोरंजन का साधन नहीं रहा, बल्कि यह आपकी निजी जिंदगी में तांक-झांक का जरिया भी बन सकता है। आजकल लगभग सभी आधुनिक टीवी में वॉयस कमांड की सुविधा के लिए माइक्रोफोन और स्मार्ट सेंसर्स दिए जाते हैं। सुविधा के नाम पर मिला यही फीचर कई बार प्राइवेसी के लिए बड़ा खतरा बन जाता है, क्योंकि अगर आपकी निजी बातचीत अनजाने में रिकॉर्ड होकर साइबर ठगों के हाथ लग जाए, तो भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
क्यों बढ़ रहा है जासूसी और डेटा चोरी का खतरा?
स्मार्ट टीवी में मिलने वाला वॉयस असिस्टेंट फीचर एक्टिव रहने पर आसपास की आवाजों को प्रोसेस करता रहता है। अक्सर ऐसा होता है कि हम कमरे में किसी फिल्म या उत्पाद का जिक्र करते हैं और थोड़ी देर बाद टीवी स्क्रीन पर उसी से जुड़े सुझाव या विज्ञापन नजर आने लगते हैं। दरअसल, टीवी में मौजूद ऐप्स को जब माइक्रोफोन, लोकेशन, आईपी एड्रेस और स्टोरेज का एक्सेस मिल जाता है, तो वे आपके व्यवहार और पसंद का डेटा जुटाने लगते हैं। अगर यह परमिशन बिना सोचे-समझे खुली छोड़ दी जाए, तो निजी बातचीत का लीक होना तय है।
ACR तकनीक से ट्रैक होता है आपका हर एक क्लिक
सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक स्मार्ट टीवी में सबसे बड़ा प्राइवेसी रिस्क ऑटोमैटिक कंटेंट रिकॉग्निशन (ACR) तकनीक की वजह से होता है। यह तकनीक स्क्रीन पर चल रहे हर विजुअल और बैकग्राउंड ऑडियो को रियल टाइम में स्कैन करती है। सैमसंग, एलजी, गूगल जैसे प्रमुख ब्रांड्स का दावा रहता है कि वे इस डेटा का उपयोग बेहतर कंटेंट सुझाव देने के लिए करते हैं। हकीकत यह भी है कि इसी डेटा की मदद से यूजर की एक डिजिटल प्रोफाइल तैयार की जाती है, जिसे बाद में टारगेटेड विज्ञापनों के लिए एडवरटाइजिंग और एनालिटिक्स कंपनियों के साथ साझा किया जाता है।
टीवी की जासूसी से अपनी प्राइवेसी कैसे बचाएं?
अपने निजी पलों और बातचीत को सुरक्षित रखने के लिए स्मार्ट टीवी की सेटिंग्स में कुछ त्वरित बदलाव करना बेहद जरूरी है। सबसे पहले टीवी सेटिंग्स में जाकर वॉइस कंट्रोल और हमेशा ऑन रहने वाले वॉयस असिस्टेंट को डिसेबल कर दें। इसके बाद प्राइवेसी मेन्यू में जाकर ACR (Automatic Content Recognition) और पर्सनलाइज्ड एडवरटाइजिंग के विकल्प को बंद कर दें। यदि टीवी में इन-बिल्ट वेबकैम दिया गया है, तो उस पर प्राइवेसी शटर लगा दें या उसे कवर कर दें। जब लंबे समय तक टीवी का उपयोग न हो, तो उसे केवल स्टैंडबाय पर छोड़ने के बजाय मुख्य स्विच से बंद कर दें और समय-समय पर टीवी के ऑपरेटिंग सिस्टम को अपडेट करते रहें ताकि नए सुरक्षा पैच मिलते रहें।