टीम इंडिया से बाहर होते ही आगबबूला हुआ बल्लेबाज, चंद घंटों में शतक ठोक चयनकर्ताओं के मुंह पर जड़ा तमाचा!

टीम इंडिया से बाहर होते ही आगबबूला हुआ बल्लेबाज, चंद घंटों में शतक ठोक चयनकर्ताओं के मुंह पर जड़ा तमाचा!

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए जब टीम इंडिया का ऐलान किया, तो उसमें मुंबई के धाकड़ बल्लेबाज सरफराज खान का नाम गायब देखकर क्रिकेट फैंस हैरान रह गए। हालांकि, इस झटके के चंद घंटों बाद ही सरफराज ने मैदान पर अपने बल्ले से ऐसा जवाब दिया कि चयनकर्ताओं के फैसले पर एक बार फिर बहस छिड़ गई है। रणजी ट्रॉफी के मुकाबले में मुंबई की तरफ से खेलते हुए सरफराज ने हिमाचल प्रदेश के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए एक और शानदार शतक ठोक दिया।

मैदान पर गरजा बल्ला, प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 18वीं सेंचुरी

हिमाचल प्रदेश के खिलाफ जारी इस मुकाबले में सरफराज खान बेहद आक्रामक अंदाज में नजर आए। शतक पूरा करने के बाद भी वह क्रीज पर डटे रहे और विपक्षी गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। यह उनके फर्स्ट क्लास करियर का 18वां शतक है। सरफराज के अलावा मुंबई के अन्य बल्लेबाजों ने भी मजबूत खेल दिखाया। उनके भाई मुशीर खान ने संयम दिखाते हुए 137 गेंदों पर 57 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि अनुभवी सिद्धेश लाड ने 188 गेंदों में 87 रन का योगदान दिया। आकाश आनंद ने भी अर्धशतकीय पारी खेलकर मुंबई का स्कोर 400 के करीब पहुंचा दिया। इसके जवाब में पहली पारी में हिमाचल की टीम महज 140 रनों पर ही ढेर हो गई थी।

आंकड़ों में दमदार, फिर भी राष्ट्रीय टीम से बाहर

सरफराज खान का घरेलू और अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड उनकी प्रतिभा की गवाही देता है। भारत के लिए अब तक खेले महज 6 टेस्ट मुकाबलों में उन्होंने 371 रन बनाए हैं, जिसमें एक शानदार शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने साल 2024 में राजकोट के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था और उसी साल नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी बार भारतीय जर्सी में नजर आए थे। फर्स्ट क्लास क्रिकेट की बात करें तो 64 मैचों में 5100 से ज्यादा रन बना चुके इस बल्लेबाज के नाम 18 शतक और 16 अर्धशतक दर्ज हो चुके हैं। लगातार रन बनाने के बावजूद टीम से बाहर बैठना उनके फैंस और जानकारों को रास नहीं आ रहा है।

न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज के लिए घोषित भारतीय स्क्वॉड

बीसीसीआई द्वारा चुनी गई 16 सदस्यीय टीम में शुभमन गिल को कप्तानी सौंपी गई है, जबकि केएल राहुल उपकप्तान की भूमिका में हैं। टीम के अन्य सदस्यों में यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, साई सुदर्शन, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज शामिल हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि घरेलू क्रिकेट में रनों का पहाड़ खड़ा करने वाले सरफराज खान की वापसी के दरवाजे चयनकर्ता कब खोलते हैं।