"1 किलो प्याज भूल गया, प्लीज शिकायत मत करना..." डिलीवरी बॉय के इस खत ने हिला दिया पूरा इंटरनेट
इंटरनेट की दुनिया में रफ्तार और रेटिंग की अंधी दौड़ के बीच इंसानियत और बेबसी की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने हजारों लोगों की आंखें नम कर दी हैं। ऑनलाइन राशन डिलीवरी के दौरान एक छोटी सी चूक होने पर डिलीवरी एजेंट ने गत्ते के टुकड़े पर हाथ से लिखकर ग्राहक से ऐसी मिन्नत की, जिसे पढ़कर हर कोई सोचने पर मजबूर हो गया।
मामला रेडिट के कम्युनिटी पेज पर तब सामने आया, जब एक महिला ग्राहक ने अपने साथ हुई इस आपबीती को साझा किया। महिला के ऑर्डर में से गलती से एक किलो प्याज छूट गया था। इसके बाद डिलीवरी पार्टनर ने गत्ते पर एक खत छोड़ा, जिसमें लिखा था कि यह पूरी तरह उसकी गलती है कि वह प्याज लाना भूल गया। उसने हाथ जोड़ते हुए लिखा कि कृपया कंपनी से कोई शिकायत न करें, वह अगले दिन अपनी जेब से एक किलो के बदले दो किलो प्याज पहुंचा देगा। नोट के अंत में अपना फोन नंबर छोड़ते हुए उसने फिर से लिखा कि उस पर भरोसा रखें और शिकायत दर्ज न कराएं।
इस टूटे-फूटे शब्दों वाले नोट ने महिला ग्राहक को झकझोर कर रख दिया। महिला ने बताया कि वह डिलीवरी कर्मियों को टिप और पानी जैसी सुविधाएं अक्सर देती हैं और कभी शिकायत नहीं करतीं, लेकिन इस नोट ने उन्हें यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि ये डिलीवरी पार्टनर्स किस कदर मानसिक तनाव और डर में काम करते हैं। भोर में चार-पांच बजे जागकर काम करने वाले इन कामगारों के सिर पर नौकरी जाने और पेनाल्टी लगने की तलवार हर वक्त लटकती रहती है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट आते ही प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई लोगों ने महिला को सुझाव दिया कि वह ऐप के माध्यम से उसे अच्छी टिप भेजें और आश्वस्त करें कि कोई शिकायत नहीं की गई है। यूजर्स ने कंपनियों के सख्त नियमों और डिलीवरी कर्मियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए हैं। यह मामला सीधे तौर पर भारत की तेजी से बढ़ती गिग इकॉनमी के उस स्याह पहलू को उजागर करता है, जहां 10-15 मिनट की डिलीवरी के दबाव, कड़े टारगेट और सख्त रेटिंग सिस्टम के तले लाखों युवा काम कर रहे हैं। एक मामूली सी मानवीय भूल भी उनकी पूरे दिन की दिहाड़ी या नौकरी छीन सकती है, और यह वायरल नोट इसी बेबसी का जीता-जागता दस्तावेज बन गया है।