img

जगदलपुर।। जिला मुख्यालय में निगम क्षेत्र अंर्तगत BJP के नेता और सभासदों ने शहर को गंदगी से मुक्त करवाने सेल्फी विथ कचरा अभियान चलाया है, यह अभियान बुधवार को भी जारी रहा। जिसके अंतर्गत BJP के नेता और पार्षद नगर निगम क्षेत्र के वार्डों में पसरी गंदगी और कूड़े के ढेर के साथ अपनी सेल्फी ले रहे हैं, जिसे सोशल मीडिया में पोस्ट किया जा रहा है। इनका मानना है कि ऐसा करने पर लोग जागरूक भी होंगे और निगम सफाई के लिए मजबूर होगी।

BJP सभासदों ने बताया कि बीते एक सप्ताह से जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र के दलपतसागर वार्ड, मोतीलाल वार्ड, श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड समेत अन्य वार्डों से कचरा का उठाव नहीं हुआ है। निगम के सफाई कर्मचारी वार्डों में नहीं पहुंच रहे हैं। गंदगी और बदबू से शहर के लोग काफी परेशान हैं। सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम विफल है। इसलिए BJP ने कचरा के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया में अभियान चलाने की मुहिम छेड़ी है।जिसके अंतर्गत लगभग 12 से ज्यादा वार्ड के सभासद और लोगों ने सेल्फी लेकर नगर निगम को चेतावनी भी दिया गया है।

भाजयुमो के जिला अध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव ने कहा कि नगर निगम की कांग्रेस महापौर सफीरा साहू को शहर की चिंता नहीं है। वे अपने में मस्त हैं,पूरे शहर में गंदगी का आलम है। कई दिनों से कचरा साफ नहीं किया जा रहा है, लोग बदबू से त्रस्त हैं। इसलिए हमने सोशल मीडिया में इस तरह का अभियान चलाने का सोचा। अब यदि व्यवस्था नहीं सुधरती है तो सारे वार्डों का कचरा लेकर हम नगर निगम जाएंगे और वहां धरना देंगे।

नगर निगम की महापौर सफीरा साहू ने कहा कि शहर की सफाई नही होने का आरोप लगाना सरासर गलत है। अभी मानसून से पूर्व शहर की सारी नालियों की सफाई की जा रही है। जब नाली साफ करते हैं तो कचरा गीला रहता है। इसलिए उसी जगह पर छोड़ा जाता है। ठीक अगले दिन सुबह सफाई कर्मी पहुंचकर कचरा को उठा लेते हैं। BJP के लोगों के पास और कोई काम नहीं है, इसलिए इस तरह का काम कर रहे हैं।

--Advertisement--