img

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव, चौधरी चरण सिंह और कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'भारत रत्न' देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया साइड 'एक्स' पर इसकी घोषणा की। एक के बाद एक तीन ट्वीट कर पीएम मोड़ो ने तीनों हस्तियों को यह सम्मान देने की घोषणा की। बताते चलें कि इससे पहले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर और पूर्व उप-प्रधानमंत्री लालकृष्ण आणवाणी को भी यह सम्मान देने की घोषणा हो चुकी है।

पीएम मोदी ने 'एक्स' पर लिखा कि यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारे पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। एक प्रतिष्ठित विद्वान और राजनेता के रूप में नरसिम्हा राव ने देश की बड़े पैमाने पर सेवा की। उन्हें आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और कई वर्षों तक संसद और विधानसभा सदस्य के रूप में किए गए कार्यों को आज भी याद किया जाता है। उनका दूरदर्शी नेतृत्व भारत को आर्थिक रूप से उन्नत बनाने, देश की समृद्धि और विकास के लिए एक ठोस नींव रखने में सहायक था।

पीएम मोदी ने 'एक्स' पर लिखा कि हमारी सरकार का सौभाग्य है कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न से सम्मानित किया जा रहा है। यह सम्मान देश के लिए उनके अतुलनीय योगदान को समर्पित है। उन्होंने किसानों के अधिकार और उनके कल्याण के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हों या देश के गृहमंत्री, उन्होंने हमेशा राष्ट्र निर्माण को गति प्रदान की। किसान भाई-बहनों के प्रति उनका समर्पण भाव और आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए उनकी प्रतिबद्धता पूरे देश को प्रेरित करने वाली है।

पीएम मोदी ने कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन के लिए लिखा कि बेहद खुशी की बात है कि भारत सरकार कृषि और किसानों के कल्याण में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न से सम्मानित कर रही है। उन्होंने चुनौती भरे समय में भारत को कृषि में आत्मनिर्भरता हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और भारतीय कृषि को आधुनिक बनाने की दिशा में उत्कृष्ट प्रयास किए। डॉ. स्वामीनाथन के दूरदर्शी नेतृत्व ने न केवल भारतीय कृषि को बदला, बल्कि देश की खाद्य सुरक्षा और समृद्धि भी सुनिश्चित की।

गौरतलब है कि इस सर्वोच्च सम्मान से अब तक 53 हस्तियों को सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 1954 में पहली बार साल आजाद भारत के प्रथम गवर्नर जनरल चक्रवर्ती राज गोपालाचारी, वैज्ञानिक चंद्रशेखर वेंकटरमन और सर्वपल्ली राधाकृष्णन को दिया गया था। बताते चलें कि मोदी सरकार के दो कार्यकाल में अब तक विभिन्न क्षेत्र की दस हस्तियों को ये भारत रत्न दिया जा चुका है।   

--Advertisement--