बिहार में फिर दहला देने वाली वारदात! सोते समय नाबालिग पर फेंका तेजाब, मची चीख-पुकार
बिहार में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले दो सनसनीखेज मामलों ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। एक ओर जहां जमुई में छात्रा के साथ हुई दरिंदगी का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि कटिहार जिले से रूह कंपा देने वाला तेजाब कांड सामने आ गया।
कटिहार के सालमारी थाना क्षेत्र में आधी रात को घर में सो रही एक नाबालिग लड़की पर खिड़की के जरिए तेजाब फेंक दिया गया। इस हमले में किशोरी गंभीर रूप से झुलस गई है। दूसरी तरफ, जमुई छात्रा वायरल वीडियो कांड में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी नंदन यादव और उसके सहयोगी हरेराम यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों ही घटनाओं ने राज्य में महिला सुरक्षा और अपराधियों के दुस्साहस पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कटिहार में आधी रात खिड़की से फेंका तेजाब, बारसोई अस्पताल में भर्ती
कटिहार जिले के सालमारी थाना अंतर्गत एक गांव में रविवार की देर रात करीब 12 बजे अज्ञात हमलावर ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना के वक्त पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था, तभी खिड़की से किशोरी के ऊपर तेजाब उड़ेल दिया गया। अचानक शरीर झुलसने पर लड़की दर्द से जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने लगी, जिसकी आवाज सुनकर परिजन जागे लेकिन तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो चुका था। परिजन आनन-फानन में गंभीर रूप से झुलसी नाबालिग को बारसोई रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों की विशेष निगरानी में उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल किशोरी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मामले में परिजनों की तहरीर पर सालमारी थानाध्यक्ष कुमारी जुली ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और पुलिस आरोपी की शिनाख्त के लिए छापेमारी कर रही है।
जमुई कांड के दोनों मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर होने से बचे
उधर, जमुई जिले के मड़वा पहाड़ी इलाके में अपने सहपाठी के साथ जा रही नाबालिग छात्रा से अश्लील हरकत और दरिंदगी करने वाले दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद धर दबोचा है। टाउन थाना क्षेत्र के प्रतापपुर निवासी मुख्य आरोपी नंदन यादव और उसका साथी हरेराम यादव वारदात के बाद से ही फरार चल रहे थे। मंगलवार को पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर प्रतापपुर गांव के पास घेराबंदी की, जहां हुई मुठभेड़ के दौरान नंदन यादव के पैर में पुलिस की गोली लगी, जबकि भागने के क्रम में हरेराम का पैर टूट गया। दोनों घायल अभियुक्तों को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।