30 सितंबर तक बिजली का संकट! हल्द्वानी के इन मोहल्लों में रोजाना 5 घंटे कटौती

30 सितंबर तक बिजली का संकट! हल्द्वानी के इन मोहल्लों में रोजाना 5 घंटे कटौती

उत्तराखंड के कुमाऊं का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले हल्द्वानी शहर और आसपास के इलाकों में रहने वाले उपभोक्ताओं के लिए बेहद जरूरी खबर सामने आई है। ऊर्जा निगम द्वारा विद्युत तंत्र के सुदृढ़ीकरण, हाईटेंशन (एचटी) लाइन व एरियल बंच (एबी) केबल बदलने और ट्रांसमिशन लाइनों के आसपास पेड़ों की लॉपिंग-चॉपिंग (छंटाई) का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया है।

इस मेंटेनेंस वर्क के कारण शहर के विभिन्न फीडरों से जुड़े दर्जनों मोहल्लों में आगामी 30 सितंबर तक रोजाना सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक यानी कुल 5 घंटे बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी। ऊर्जा निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता (ईई) प्रदीप कुमार ने इस बड़े मेंटेनेंस अभियान को लेकर आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है ताकि भविष्य में निर्बाध और सुरक्षित बिजली सप्लाई सुनिश्चित की जा सके।

23 और 24 सितंबर को बरेली रोड और रामपुर रोड फीडर में पावर कट

शेड्यूल के मुताबिक, 23 और 24 सितंबर को बरेली रोड और रामपुर रोड फीडर से जुड़े इलाकों में बिजली गुल रहेगी। बरेली रोड फीडर के तहत आने वाले बरेली रोड मुख्य मार्ग, धर्मपुरा, मंगल पड़ाव, गली नंबर एक से 11 तक का संपूर्ण रिहायशी क्षेत्र, राजकीय मेडिकल कॉलेज और हिमालय फार्म क्षेत्र में सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक आपूर्ति ठप रहेगी। वहीं रामपुर रोड फीडर से जुड़े रामपुर रोड, शीशमहल, पॉश इलाका हीरा नगर, उप कारागार (जेल), नीलकंठ अस्पताल और महिला अस्पताल परिसर के आसपास के क्षेत्रों में बिजली का शटडाउन प्रभावी रहेगा।

25 और 26 सितंबर को बाजार व काठगोदाम फीडर रहेंगे बंद, 30 को गांधी नगर में कटौती

इसके बाद शुक्रवार 25 सितंबर और शनिवार 26 सितंबर को बाजार और काठगोदाम रोड फीडर से जुड़े बड़े इलाके में बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी। बाजार फीडर शटडाउन रहने से बद्रीपुरा, ऑफिसर कॉलोनी, आनंद बाग, तहसील परिसर, सरस मार्केट, मुख्य बाजार क्षेत्र और मल्ला गोरखपुर के निवासी प्रभावित होंगे। वहीं काठगोदाम रोड फीडर के दायरे में आने वाली कालाढूंगी रोड, बद्रीपुरा, पांडे निवास, कैनाल कॉलोनी, पंत कॉलोनी, सतीश कॉलोनी, संजय कॉलोनी और मुखानी क्षेत्र में पांच घंटे बत्ती गुल रहेगी। इसके अलावा बुधवार 30 सितंबर को गांधी नगर फीडर में शटडाउन लिया जाएगा, जिससे आंबेडकर नगर, गांधी नगर, लाइन नंबर 8 व 16 और मंगल पड़ाव क्षेत्र की सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी।

रात में अचानक 2 घंटे गुल हुई बिजली, अंधेरे में डूबे रहे शहर और गांव

नियमित शटडाउन के बीच सोमवार देर रात हल्द्वानी शहर और ग्रामीण अंचल के लोग उस समय भारी परेशानी में पड़ गए जब अचानक पूरी बिजली व्यवस्था ठप हो गई। पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) द्वारा ऊर्जा निगम के सब-स्टेशनों की आपूर्ति रोके जाने से करीब दो घंटे तक पूरा शहर अंधेरे में डूबा रहा। रात 12 बजे शहरी और ग्रामीण दोनों डिवीजनों के सभी 33 केवी सब-स्टेशनों की सप्लाई 'कंट्रोल रोस्टिंग' के तहत बिना किसी पूर्व सूचना के बंद कर दी गई थी। रात भर उपभोक्ता ऊर्जा निगम के टोल फ्री नंबरों और बिजलीघरों पर फोन घुमाते रहे लेकिन कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली। रात 2 बजे के बाद जाकर सप्लाई बहाल हो सकी। इस संबंध में पिटकुल के ईई पंकज आर्या ने स्पष्ट किया कि बिजली उत्पादन में अचानक आई तकनीकी गिरावट के कारण आपातकालीन कंट्रोल रोस्टिंग लागू करनी पड़ी थी।