बिहार में शिक्षकों के कुर्सी पर बैठने पर बैन! क्लास में मोबाइल ले जाने पर भी लगा सख्त ताला

बिहार में शिक्षकों के कुर्सी पर बैठने पर बैन! क्लास में मोबाइल ले जाने पर भी लगा सख्त ताला

बिहार के सरकारी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में शैक्षणिक स्तर को सुधारने और कक्षाओं में अनुशासन मजबूत करने के लिए शिक्षा विभाग ने एक और बड़ा और कड़ा कदम उठाया है। विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने शिक्षकों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिसके तहत कक्षा में शिक्षण कार्य के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है। इसके साथ ही शिक्षकों के कुर्सी पर बैठकर पढ़ाने पर भी रोक लगाई गई है। विभाग का स्पष्ट तर्क है कि खड़े होकर पढ़ाने से शिक्षक कक्षा में अधिक सक्रिय रहेंगे और बच्चों का ध्यान भटके बिना पूरी तरह पढ़ाई पर केंद्रित रहेगा। इससे पहले भी अपर मुख्य सचिव सीके अनिल शिक्षकों के स्कूल में जींस और टी-शर्ट पहनकर आने पर रोक लगाने के अपने आदेश को लेकर चर्चा में रहे थे।

नए आदेशों के तहत केवल अध्यापन ही नहीं, बल्कि छात्रों की दैनिक प्रगति की निगरानी को लेकर भी शिक्षकों की जवाबदेही तय कर दी गई है। शिक्षकों को अब हर छात्र के होमवर्क की रोजाना गहन जांच करनी होगी और बच्चों के अभिभावकों से लगातार संपर्क बनाए रखना होगा। शिक्षकों को अभिभावकों को यह बताना होगा कि उनका बच्चा समय पर गृहकार्य पूरा कर रहा है या नहीं और उसकी समझ का स्तर कैसा है, जिससे अभिभावक भी पढ़ाई की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से जुड़ सकें।

इसके अलावा स्कूलों में दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) की गुणवत्ता को लेकर भी विभाग ने सख्त मानक तय किए हैं। नए निर्देशों के अनुसार, छात्रों को दोपहर का भोजन परोसे जाने से पहले शिक्षकों को खुद उस खाने को चखना अनिवार्य होगा। भोजन की गुणवत्ता और शुद्धता की जांच करने के बाद शिक्षकों को एक नियमित रिपोर्ट तैयार करनी होगी और इस रिकॉर्ड को सुरक्षित रखना होगा, ताकि औचक निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारी इसका मिलान कर सकें।