लव मैरिज का खौफनाक अंत! आक्रोशित परिजनों ने ससुराल की चौखट पर ही कर दिया नवविवाहिता का दाह-संस्कार

लव मैरिज का खौफनाक अंत! आक्रोशित परिजनों ने ससुराल की चौखट पर ही कर दिया नवविवाहिता का दाह-संस्कार

मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र स्थित रजवाड़ा डीह गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 19 साल की नवविवाहिता गुंजा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में जान चली गई। बेडरूम में उसका शव मिला और गले पर पड़े गहरे निशानों ने इस मौत को एक गंभीर मर्डर मिस्ट्री में तब्दील कर दिया है। घटना के बाद खौफजदा ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए। अपनी बेटी की मौत से आक्रोशित मायके वालों ने न्याय की मांग करते हुए एक ऐसा कदम उठाया, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। उन्होंने बिना श्मशान घाट गए ससुराल के मुख्य दरवाजे पर ही अपनी बेटी का दाह-संस्कार कर दिया। पुलिस अब इस हाई-प्रोफाइल मामले की हर एंगल से पड़ताल कर रही है।

कांटी इलाके के रहने वाले रंजीत पासवान की बेटी गुंजा ने इसी साल 23 जनवरी को रजवाड़ा डीह निवासी पलटन पासवान के बेटे कुंदन कुमार से लव मैरिज की थी। लेकिन प्यार से शुरू हुआ यह सफर जल्द ही दहेज की भेंट चढ़ गया। मृतका की मां मंजू देवी और मामा छोटू कुमार ने आरोप लगाया है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले गुंजा को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। परिवार वाले इस धनतेरस पर दामाद को दहेज का सामान सौंपने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन त्योहार की खुशियां आने से पहले ही उन्हें अपनी बेटी की मौत की मनहूस खबर मिल गई।

मायके वालों को इस खौफनाक वारदात की भनक रात करीब 12 बजे एक स्थानीय वार्ड सदस्य के जरिए लगी। सूचना पाते ही वे बदहवास हालत में रजवाड़ा डीह पहुंचे। उनका सीधा आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग सबूत मिटाने के लिए शव को रातों-रात गुपचुप तरीके से जलाने की फिराक में थे। लेकिन जैसे ही मायके वाले वहां पहुंचे, आरोपी ससुराल वाले मौका देखकर भाग खड़े हुए। भारी हंगामे के बीच मुशहरी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच (SKMCH) भेज दिया।

पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों को सौंपा गया, तो उनका गुस्सा चरम पर था। इलाके में श्मशान घाट की सही जानकारी न होने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर उन्होंने खाली पड़े ससुराल के मुख्य दरवाजे को ही श्मशान बना दिया और वहीं शव को मुखाग्नि दे दी। मुशहरी थानाध्यक्ष सुबोध मेहता ने बताया कि मृतका के पिता की लिखित शिकायत पर पति कुंदन कुमार, देवर चंदन पासवान, ननद प्रियंका और गोतनी सुलेखा के खिलाफ दहेज हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

हत्या है या आत्महत्या संशय बरकरार

इस संवेदनशील मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस के साथ-साथ एफएसएल (FSL) की विशेष टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर कई अहम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह हत्या है या आत्महत्या, इसकी असली तस्वीर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साइंटिफिक एविडेंस के आधार पर ही साफ हो पाएगी। फिलहाल पूरा फोकस आरोपियों की गिरफ्तारी और दहेज प्रताड़ना के आरोपों की तफ्तीश पर है।