प्रशांत भूषण और नेहा बोरा के बयानों से आंदोलन में मचा सियासी भूचाल, बैकफुट पर आई सीजेपी ने आधी रात दी सफाई
नई दिल्ली में प्रेस क्लब से लेकर सियासी गलियारों तक उस वक्त जबर्दस्त हलचल मच गई, जब कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के साझा मंच से आए दो बयानों ने पूरे आंदोलन की दिशा पर सवाल खड़े कर दिए। खुद को महात्मा गांधी के अहिंसक रास्ते पर चलने वाला बताने वाले इस संगठन को गुरुवार को तब बड़ा झटका लगा, जब वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण और आइसा प्रमुख नेहा बोरा की तीखी टिप्पणियों के बाद भाजपा समेत सत्ता पक्ष ने चौतरफा घेराबंदी शुरू कर दी। अचानक हुए इस सियासी हमले से दबाव में आए सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके को डैमेज कंट्रोल के लिए आधी रात को आपातकालीन प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलानी पड़ी।
विवाद की शुरुआत साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण के उस सीधे बयान से हुई, जिसमें उन्होंने साफ लहजे में कह दिया कि यह लड़ाई 'रेजीम चेंज' यानी सत्ता परिवर्तन की है और यह होकर रहेगा। भूषण की इस टिप्पणी को विपक्षी और सत्ताधारी दलों ने फौरन लपक लिया और आरोप लगाया कि आंदोलन की आड़ में लोकतांत्रिक सरकार को अस्थिर करने का खेल चल रहा है।
हालात बिगड़ते देख दीपके ने सीजेपी की लीगल हेड रत्ना सिंह के साथ देर रात मीडिया के सामने आकर स्थिति स्पष्ट की। दीपके ने दो टूक कहा कि उनका मकसद तख्तापलट या सत्ता परिवर्तन कतई नहीं है, बल्कि उनकी एकमात्र मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर जवाबदेही तय करते हुए निष्पक्ष व्यवस्था के तहत नए आयुक्त की नियुक्ति कराना है।
मुसीबत तब और बढ़ गई जब आंदोलन में सक्रिय आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में वह भारत के जेन-जी प्रदर्शनों की तुलना बांग्लादेश में हुए हिंसक छात्र आंदोलन से करते हुए उसे 'रास्ता दिखाने वाला' बताती नजर आईं। पड़ोसी मुल्क में हुए खून-खराबे और सत्ता परिवर्तन को प्रेरणास्रोत बताए जाने पर विवाद और भड़क गया। इस पर सफाई देते हुए दीपके ने किसी का नाम लिए बिना स्पष्ट दूरी बना ली और कहा कि भारत के पास राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का अहिंसक रास्ता मौजूद है। उन्होंने दो टूक दोहराया कि भारतीय युवाओं को किसी अन्य देश की हिंसक घटनाओं से सीख लेने की जरूरत नहीं है और उनका पूरा अभियान पूरी तरह शांतिपूर्ण व तिरंगे की मर्यादा के तहत ही चलेगा।