मुजफ्फरपुर SKMCH में बवाल: मरीज की मौत के बाद डॉक्टर-परिजन भिड़े, चले हॉकी स्टिक! जानिए क्या है पूरा मामला
बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) के इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार देर रात मरीज की मौत के बाद स्थिति बेकाबू हो गई।
इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मरीज के परिजनों और ऑन-ड्यूटी डॉक्टरों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प और मारपीट में बदल गई। इस घटना में दोनों पक्षों के लगभग तीन लोग घायल हुए हैं। हंगामे के कारण अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा।
सदर अस्पताल से रेफर हुई थी शबनम, देर रात इलाज के दौरान तोड़ा दम
मिली जानकारी के मुताबिक, रामबाग निवासी 35 वर्षीय शबनम खातून को मंगलवार को गंभीर हालत में सदर अस्पताल से रेफर कर SKMCH के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि भर्ती किए जाने के बाद से ही मरीज की हालत बिगड़ती जा रही थी और आखिरकार देर रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिजनों का आरोप: लापरवाही का विरोध करने पर हॉकी स्टिक से पीटा
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे। परिजनों ने सीधे तौर पर डॉक्टरों पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जब उन्होंने सवाल उठाए, तो एसकेएमसीएच के कुछ जूनियर डॉक्टर व छात्र मौके पर पहुंच गए और बहस करने लगे। परिजनों का दावा है कि उन पर हॉकी स्टिक से हमला किया गया, जिससे उनके पक्ष के दो लोग लहूलुहान हो गए।
डॉक्टरों का पक्ष: चैंबर में घुसकर की हाथापाई और गाली-गलौज
दूसरी ओर, अस्पताल के डॉक्टरों ने परिजनों के आरोपों को खारिज करते हुए उन पर बदसलूकी का आरोप लगाया है। डॉक्टरों के अनुसार, महिला की मौत के तुरंत बाद परिजनों की ओर से एक महिला ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते 15 से 20 बाहरी लोगों को बुला लिया। इसके बाद भीड़ डॉक्टरों के चैंबर में घुस गई और एक डॉक्टर का कॉलर पकड़कर हाथापाई की।