
कोलकाता॥ कूचबिहार जिले में भारतीय जनता पार्टी के नेता कालाचंद कर्मकार की हत्या के खिलाफ गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच जमकर टकराव हुआ है। पुलिस के लाठीचार्ज से कई भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए है। पुलिस ने एक सौ से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने कूच बिहार जिले में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के विरोध में 12 घंटे का बंद का आह्वान किया था। बंद को सफल बनाने के लिए गुरुवार सुबह से ही कूचबिहार के तूफानगंज इलाके में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आये। भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध में सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता भी सड़कों पर उतर आये थे।
जवाबी प्रदर्शन के दौरान कई स्थानों पर दोनों पार्टियों के समर्थक आमने-सामने आ गए। बीच बचाव करने पहुंची पुलिस के साथ भी हिंसक संघर्ष होने लगा है। भाजपा का दावा है कि पुलिस ने बिना उकसावे के लाठीचार्ज किया है, जिसमें उनके कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं।
जिला प्रशासन सूत्रों ने बताया कि 100 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यकर्ताओं और भाजपा कर्मियों ने एक दूसरे पर ईंट पत्थर और बोतल फेंकना शुरू कर दिया था।
जुड़ाई मोड़ पर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को रोकने पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया, जिसमें कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। पुलिस ने दोनों पार्टियों के कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। भाजपा के आह्वान पर जिले में बंद का व्यापक असर देखने को मिला है। सार्वजनिक परिवहन पूरी तरह से बंद रहे। दुकानें तथा बाजार भी बंद नजर आए हैं।
--Advertisement--