सोना-चांदी खरीदने वालों की मौज, आज चांदी के दाम ₹4500 से ज्यादा टूटे, सोने की कीमतों में भी आई भारी गिरावट, जानें ताजा रेट

सोना-चांदी खरीदने वालों की मौज, आज चांदी के दाम ₹4500 से ज्यादा टूटे, सोने की कीमतों में भी आई भारी गिरावट, जानें ताजा रेट

भारतीय सर्राफा बाजार में निवेश करने वालों और आम उपभोक्ताओं के लिए आज राहत भरी खबर आई है। आज यानी 27 मई को सोने और चांदी की कीमतों में एक बड़ी गिरावट देखने को मिली है, जिससे बाजारों में हलचल तेज हो गई है। सबसे ज्यादा मुनाफा चांदी के खरीदारों को हुआ है, जिसके दाम में ₹4500 से अधिक की भारी कटौती दर्ज की गई है। इसके साथ ही 24 कैरेट से लेकर 14 कैरेट तक का सोना आज सस्ता होकर खुला है। अगर आप भी गहने खरीदने या सोने-चांदी में निवेश करने का प्लान बना रहे हैं, तो खरीदारी से पहले आज के लेटेस्ट रेट्स पर एक नजर जरूर डाल लें।

चांदी के दाम ₹4503 लुढ़के, 24 कैरेट सोना भी हुआ सस्ता

आज सुबह सर्राफा बाजार खुलते ही कीमती धातुओं के दामों में गिरावट का दौर शुरू हो गया। शुद्धता के पैमाने पर सबसे ऊंचे माने जाने वाले 24 कैरेट गोल्ड का भाव आज 571 रुपये प्रति 10 ग्राम कम होकर 1,57,040 रुपये पर खुला। वहीं, चांदी की कीमतों में आज सबसे बड़ा क्रैश देखा गया है। चांदी का भाव 4,503 रुपये प्रति किलोग्राम की बड़ी गिरावट के साथ 2,61,710 रुपये पर आ गया है। आपको बता दें कि इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा जारी किए गए इन दामों में जीएसटी (GST) और मेकिंग चार्ज शामिल नहीं हैं, इसलिए खुदरा बाजार में अंतिम रेट थोड़े अलग हो सकते हैं।

23 कैरेट से लेकर 14 कैरेट गोल्ड के ताजा भाव

बाजार में केवल शुद्ध सोना ही नहीं, बल्कि गहनों में इस्तेमाल होने वाले अन्य कैरेट के सोने के दाम भी आज नीचे आए हैं। आज 23 कैरेट गोल्ड का दाम 569 रुपये सस्ता होकर 1,56,411 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। शादियों के सीजन में सबसे ज्यादा मांग वाले 22 कैरेट गोल्ड की कीमत में भी 523 रुपये की कमी आई है, जिससे अब यह 1,43,849 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। इसके अलावा 18 कैरेट सोने का भाव 428 रुपये टूटकर 1,17,780 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। कम बजट वाले ग्राहकों के लिए 14 कैरेट गोल्ड भी 334 रुपये की गिरावट के साथ 91,868 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेंड कर रहा है।

पीएम मोदी की 'सोना न खरीदने की अपील' और बाजार का गणित

इस बीच बाजार के जानकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कुछ समय पहले की गई एक खास अपील के असर का भी आकलन कर रहे हैं। दरअसल, पीएम मोदी ने 10 मई को देशवासियों से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की थी। आंकड़ों पर गौर करें तो उस अपील के वक्त सोने का भाव 1,51,078 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो आज की गिरावट के बाद भी 1,57,040 रुपये पर है। यानी इस अवधि के दौरान 24 कैरेट सोना करीब 5,962 रुपये प्रति 10 ग्राम तक महंगा हो चुका है। इसी तरह चांदी भी आज की बड़ी गिरावट के बावजूद अपनी पुरानी कीमत 2,55,600 रुपये से बढ़कर 2,61,710 रुपये प्रति किलो पर बनी हुई है, जो कि अब भी 6,110 रुपये महंगी है।

ऑल टाइम हाई और युद्ध के असर से कितना नीचे आया सोना

अगर मौजूदा कीमतों की तुलना रिकॉर्ड स्तर से की जाए, तो सोना-चांदी अपने ऑल टाइम हाई से काफी आकर्षक कीमतों पर मिल रहे हैं। आईबीजेए (IBJA) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, सोना अपने अब तक के सबसे उच्चतम स्तर 1,76,121 रुपये प्रति 10 ग्राम से करीब 19,081 रुपये सस्ता हो चुका है। वहीं चांदी अपने ऑल टाइम हाई रिकॉर्ड 3,85,933 रुपये प्रति किलो से 1,24,223 रुपये की भारी गिरावट पर मिल रही है। इसके अतिरिक्त, वैश्विक स्तर पर जारी ईरान युद्ध की परिस्थितियों के बीच के बदलाव को देखें तो अब तक सोना 2,057 रुपये और चांदी 6,190 रुपये तक सस्ती हो चुकी है

Tags: