img

Crime News: बिहार के सारण जिले के मदुरा में उल्टी और पेट दर्द की शिकायत लेकर डॉक्टर के पास गए एक लड़के की ऑपरेशन के बाद जान चली गई। परिजनों का इल्जाम है कि ये डॉक्टर झोलाछाप है। यूट्यूब पर देखने के बाद डॉक्टर ने लड़के के पेट का ऑपरेशन किया। सर्जरी के दौरान उनकी हालत गंभीर हो गई। बच्चे की मौत के बाद डॉक्टर क्लिनिक बंद कर भाग गया।

दिल दहला देने वाली यह घटना मढ़ौरा थाना क्षेत्र के धर्मबागी बाजार स्थित गणपति सेवा सदन में शुक्रवार की देर रात घटी। लड़के का नाम गोलू साह (15 वर्ष) है। बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने क्लीनिक का निरीक्षण किया। लड़के के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया गया। गोलू अपने माता-पिता का सबसे बड़ा बेटा था। बच्चे की मौत के बाद पूरा परिवार शोक में डूबा हुआ है। परिजनों ने बताया कि बच्चे को पहले से पेट की समस्या थी।

इस प्रकरण में लड़के के दादा प्रह्लाद प्रसाद साह ने बताया कि उनके पोते को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत थी। इसके बाद उन्होंने पोते को इलाज के लिए गणपति सेवा सदन अस्पताल में भर्ती कराया। क्लिनिक चलाने वाले झोलाछाप डॉक्टर अजीत कुमार पुरी ने बिना उन्हें बताए और परिवार की इजाजत लिए बिना ऑपरेशन कर दिया।

परिजनों का ये भी आरोप है कि डॉक्टर यूट्यूब पर देखकर ऑपरेशन कर रहा था। इस समय डॉक्टर ने डीजल लाने के लिए कंपाउंडर को लड़के के पिता के साथ भेज दिया था। जब गोलू के पेट में तेज दर्द होने लगा तो उसके दादा प्रह्लाद ने डॉक्टर को इसकी जानकारी दी। इस पर डॉक्टर ने उन्हें डांटा और ये सवाल भी पूछा कि मैं डॉक्टर हूं या आप।
 

--Advertisement--