New Delhi. स्कॉर्पियो चालक ने टक्कर मारकर एक व्यक्ति को घायल कर दिया, फिर उसको अस्पताल ले जाने की सहानुभूति दर्शाते हुए परिवार के सभी सदस्यों को गाड़ी में बैठा लिया। फिर बीच रास्ते में मरकोडीह के पास स्कॉर्पियो सवार लोगों ने दो महिलाओं और दो बच्चों को चलती गाड़ी से बाहर फेंक दिया। इनमें से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बच्चे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायल दूसरी महिला व दूसरे बच्चे का राजधनवार में इलाज चल रहा है।

घटना बुधवार रात लगभग 11 बजे की है। जानकारी के अनुसार राजधनवार थाना क्षेत्र के गोरहंद गांव निवासी प्रवीण दास, पत्नी पूजा देवी, पुत्री रानी कुमारी, भाई होरिल दास, उसकी पत्नी बबिता देवी और भतीजा प्रिंस कुमार मेला देखने राजधनवार गए थे। मेला जाने के दौरान बिना नम्बर की नई स्कॉर्पियो ने प्रवीण दास को टक्कर मार दी, जिससे प्रवीण दास का एक पैर जख्मी हो गया। मेला में उपस्थित भीड़ ने स्कॉर्पियो को रोक लिया और घायल प्रवीण दास का उपचार कराने को कहा।
अपने को घिरता देख स्कॉर्पियो सवार चार युवकों ने बेहतर इलाज कराने की जिम्मेदारी लेते हुए घायल प्रवीण दास को गाड़ी में बैठा लिया। घायल प्रवीण के साथ उसकी पत्नी पूजा देवी, पुत्री रानी कुमारी, भाई होरिल दास, उनकी पत्नी बबिता देवी और भतीजा प्रिंस कुमार भी सवार हो गए। स्कॉर्पियो सवार लोग इलाज़ कराने के बहाने घायल प्रवीण और उसके परिवार वालों को बिरनी के बरहमसिया चौक ले गए।
बरहमसिया पहुंचने के बाद घायल प्रवीण दास और भाई होरिल दास को स्कार्पियो से नीचे उतार दिया। वहीं घायल प्रवीण दास की पत्नी पूजा देवी, पुत्री रानी कुमारी, भाई की पत्नी बबिता देवी और भतीजा प्रिंस कुमार स्कॉर्पियो में ही बैठे रहे। इसी बीच स्कॉर्पियो दौड़ा दी गई। स्कॉर्पियो को जाते देख उस पर सवार महिलाएं हल्ला करने लगीं। ग्रामीणों ने पीछा किया गया तो कोवाड़-कोडरमा पथ के मरकोडीह गांव के पास स्कॉर्पियो से एक-एक कर दोनों महिलाओं और बच्चों को नीचे फेंक दिया गया। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार चारों लोग फ़रार हो गए।
बबिता की मौके पर ही मौत:
चलती स्कॉर्पियो से महिला और बच्चों को फ़ेंकने के बाद मौके पर ही होरिल दास की पत्नी बबिता देवी ( 25) की मौत हो गई। वहीं, प्रवीण दास का आठ साल का बेटा प्रिंस कुमार गम्भीर रूप से घायल हो गया था। उसकी इलाज़ के दौरान धनबाद में मौत हो गयी। इस घटना में प्रवीण दास की पत्नी पूजा देवी और उसकी पुत्री रानी कुमारी गम्भीर रूप से घायल हैं। इनका इलाज बिरनी स्वास्थ्य केंद्र में हुआ।
बिरनी क्षेत्र की ही है स्कॉर्पियो :
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना में संलिप्त स्कॉर्पियो बिरनी थाना क्षेत्र के एक गांव की बतायी जा रही है। पता चला है कि स्कॉर्पियो महिलाओं और बच्चों को फ़ेंकने के बाद भागने के क्रम में क्षतिग्रस्त हो गयी है। इसकी गिरिडीह के एक गैराज में मरम्मत कराने की सूचना है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्या कहते हैं एसडीपीओ:
सरिया एसडीपीओ बिनोद कुमार महतो ने कहा कि वाहन सवारों ने घायल का उपचार कराने की बजाय दोहरी हत्या जैसी घटना को अंजाम दिया है। फरार स्कॉर्पियो का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही कानूनी कार्रवाई होगी।



_1808145860_100x75.jpg)
