img

बीजेपी मिशन 2024 की तैयारियों में जुट गई है। इसके लिए पार्टी चीफ जेपी नड्डा ने अपनी टीम बना ली है। नड्डा की नई टीम में छत्तीसगढ़ के तीन नेताओं को भी जगह मिली है। इनमें पूर्व सीएम रमन सिंह, राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय और पूर्व मंत्री लता उसेंडी का नाम शामिल है। इन तीनों को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

बता दें कि नड्डा की नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और आठ राष्ट्रीय महामंत्री बनाए गए हैं। इसके साथ ही 13 राष्ट्रीय सचिव भी बनाए गए हैं। रमन सिंह यानी डॉक्टर साहब पर आलाकमान ने एक बार फिर से भरोसा जताया है। वह राष्ट्रीय उपाध्यक्षों के क्रम में पहले नंबर पर हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में भी उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली थी।

विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले उन्हें यह पद सौंपकर पार्टी ने साफ कर दिया है कि उन्हें अपने चाउर वाले बाबा पर भरोसा है। एक ही समय में विधायक, सांसद और मेयर के रूप में काम कर चुकी सरोज पांडेय का कद पार्टी में बढ़ गया है। इससे पहले सरोज पांडेय राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहीं थी। सरोज पांडेय सड़क से लेकर सदन तक काफी सक्रिय रहती हैं और कांग्रेस सरकार के खिलाफ मुखर होकर अपनी आवाज उठाती हैं। पार्टी में महिलाओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है।

ऐसे में महिला कार्यकर्ताओं को बूस्ट करने के लिहाज से उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है। अब बात की जाए पूर्व मंत्री और कोण्डागांव से विधायक रह चुकी लता उसेंडी की तो उन्हें पहली बार राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह मिली है। दो साल पहले उन्हें कार्यसमिति का सदस्य बनाया गया था। आदिवासी नेता होने की वजह से न केवल कोंडागांव बल्कि बस्तर में भी लता उसेंडी की खास पैठ है।

चुनाव से पहले वह काफी एक्टिव मूड में नजर आ रही हैं। लता की टीम में जगह मिलने की वजह से इसे अहम जिम्मा माना जा रहा है। चाहे बात लोकसभा चुनाव की हो या विधानसभा चुनाव की, भाजपा ने अपनी कमर कस ली है। नड्डा ने जिस तरीके से छत्तीसगढ़ की दो महिलाओं को अपनी टीम में शामिल किया है, उसे कई सियासी मायनों से जोड़ कर देखा जा रहा है। 

--Advertisement--