राजस्थान की मिट्टी से निकला ‘शूरवीर’ अब ‘मिर्जापुर’ का हिस्सा, जानें कैसे हुआ ये बड़ा कनेक्शन
सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी चर्चित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ इन दिनों दर्शकों के बीच जबर्दस्त चर्चा बटोर रही है। इस बहुप्रतीक्षित फिल्म के साथ ही राजस्थान की माटी से जुड़ा एक मशहूर राजस्थानी ट्रैक ‘शूरवीर’ भी बड़े पर्दे पर धूम मचा रहा है।
ट्रूपर रिकॉर्ड्स लेबल के बैनर तले बने इस जोशीले गाने के उपयोग के लिए फिल्म के निर्माता एक्सेल एंटरटेनमेंट को विधिवत आधिकारिक लाइसेंस दिया गया है। फिल्म के एक अहम सीक्वेंस में राजस्थान की पृष्ठभूमि से जुड़े दृश्य के दौरान इस गीत के लगभग 60 सेकंड के शक्तिशाली हिस्से को बैकग्राउंड स्कोर के रूप में शामिल किया गया है, जिसे सिनेमाघरों में दर्शकों की ओर से जबरदस्त सराहना और तालियां मिल रही हैं।
8.2 करोड़ व्यूज का सफर और 6 साल पुरानी कहानी
ट्रूपर रिकॉर्ड्स ने मूल रूप से ‘शूरवीर’ गाने को 17 जुलाई 2020 को अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया था, जिसे अब तक 8.2 करोड़ से अधिक बार देखा जा चुका है। संगीत लेबल ट्रूपर रिकॉर्ड्स के संस्थापक हनी ट्रूपर ने गाने के निर्माण से जुड़ी यादें साझा करते हुए बताया कि करीब छह वर्ष पहले गीतकार रजनीश जयपुरी इस गीत के जोशीले बोल लेकर उनके पास पहुंचे थे।
शब्दों की गहराई और ऊर्जा को देखते हुए हनी ट्रूपर और रजनीश जयपुरी ने मशहूर संगीतकार रैपरिया बालम से इसका संगीत तैयार करवाया और गायकी का जिम्मा भी उन्हीं को सौंपा। इसके बाद यह गीत ट्रूपर रिकॉर्ड्स के जरिए दुनिया के सामने आया और देखते ही देखते युवाओं की पहली पसंद बन गया। अब इसी ट्रैक का 60 सेकंड का प्रभावशाली हिस्सा एक्सेल एंटरटेनमेंट के सहयोग से बड़े पर्दे पर दर्शकों को रोमांचित कर रहा है।
ट्रूपर रिकॉर्ड्स ने दी बधाई, मेकर्स ने दिया पूरा सम्मान
इस बड़े सहयोग पर ट्रूपर रिकॉर्ड्स ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की है। लेबल ने कहा कि ‘मिर्जापुर: द मूवी’ जैसी प्रतिष्ठित और चर्चित फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व का क्षण है। संगीत लेबल ने फिल्म की शानदार रिलीज पर एक्सेल एंटरटेनमेंट और मिर्जापुर की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। वहीं फिल्म निर्माताओं ने भी मूल कलाकारों के योगदान का सम्मान करते हुए फिल्म के आधिकारिक क्रेडिट रोल में निर्माता हनी ट्रूपर, गायक एवं संगीतकार रैपरिया बालम, गीतकार रजनीश जयपुरी और डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर ड्रूम म्यूजिक को पूरा श्रेय दिया है।