निकाय चुनाव से पहले NDA हुआ और मजबूत! सुभासपा ने BJP प्रत्याशियों के समर्थन का किया ऐलान

निकाय चुनाव से पहले NDA हुआ और मजबूत! सुभासपा ने BJP प्रत्याशियों के समर्थन का किया ऐलान

राजस्थान में आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के घटक दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अपना औपचारिक समर्थन देने की घोषणा कर दी है।

सुभासपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राजस्थान प्रभारी सुभाष चन्द्र यादव और प्रदेश अध्यक्ष विजय सिंह राजभर ने जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचकर पार्टी के प्रदेश महासचिव श्रवण कुमार बागड़ी से मुलाकात की और उन्हें आधिकारिक समर्थन पत्र सौंपा।

ओपी राजभर और अरविंद राजभर के निर्देश पर लिया गया निर्णय

पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार यह महत्वपूर्ण राजनीतिक कदम सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज, अल्पसंख्यक कल्याण, वक्फ एवं हज विभाग के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के साथ-साथ पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर के सीधे निर्देश पर उठाया गया है। नेतृत्व के इस फैसले के बाद राजस्थान के स्थानीय निकाय चुनावों में एनडीए गठबंधन की एकजुटता को नया बल मिला है।

'एनडीए का सहयोगी दल है सुभासपा, मिलकर जिताएंगे भाजपा प्रत्याशी'

सुभासपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राजस्थान प्रभारी सुभाष चन्द्र यादव ने स्पष्ट किया कि सुभासपा राष्ट्रीय स्तर पर एनडीए की एक निष्ठावान सहयोगी पार्टी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद, सामाजिक न्याय, पारदर्शी सुशासन और समग्र विकास के संकल्प को मजबूती देने के उद्देश्य से राजस्थान के नगर निकाय चुनावों में भाजपा का पूर्ण समर्थन करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि सुभासपा के सभी स्थानीय पदाधिकारी और जमीनी कार्यकर्ता चुनाव मैदान में उतरकर भाजपा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

मोदी सरकार की नीतियों पर भरोसा, शहरों के विकास की कही बात

सुभाष चन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश भर में विकास के अभूतपूर्व आयाम स्थापित हुए हैं और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को आम जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा के नेतृत्व में राजस्थान के सभी नगर निकायों में विकास कार्यों को तेज गति मिलेगी तथा आम नागरिकों को उन्नत और आधुनिक बुनियादी सुविधाएं प्राप्त होंगी।