अशनीर ग्रोवर की बायोपिक से बाहर हुए आमिर खान, जानें वजह
'भारतपे' (BharatPe) के सह-संस्थापक और चर्चित उद्योगपति अशनीर ग्रोवर के जिंदगी के उतार-चढ़ाव पर बनने जा रही बायोपिक को लेकर बॉलीवुड से एक बड़ा और चौंकाने वाला अपडेट सामने आया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिस्टर परफेक्शनिस्ट यानी अभिनेता आमिर खान अब इस चर्चित प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं रहे हैं।
इससे पहले ज़ोरों पर खबरें थीं कि आमिर खान इस फिल्म में अशनीर ग्रोवर का मुख्य किरदार निभाएंगे, जबकि 'स्त्री 2' फेम श्रद्धा कपूर और निर्देशक राहुल मोदी इस प्रोजेक्ट का अहम हिस्सा होंगे। आमिर के अचानक प्रोजेक्ट छोड़ने के बाद अब मेकर्स ने नए लीड एक्टर की तलाश तेज़ कर दी है।
क्रिएटिव डिफरेंस बनी वजह: स्क्रिप्ट पर काम करने के बावजूद आमिर ने खींचे हाथ
पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेता आमिर खान और फिल्म के निर्देशक राहुल मोदी के बीच कहानी और प्रेजेंटेशन को लेकर बड़े स्तर पर 'क्रिएटिव डिफरेंसेस' (रचनात्मक मतभेद) सामने आए थे।
बताया जा रहा है कि आमिर खान ने हमेशा की तरह इस फिल्म की स्क्रिप्ट पर खुद काफी बारीकी से काम किया था और इसे अपने नजरिए से बेहतर बनाने की कोशिश की थी। हालांकि, निर्देशक और आमिर की सोच एक मोड़ पर आकर मेल नहीं खा सकी, जिसके चलते आमिर खान ने बेहद शालीनता से इस बायोपिक से खुद को अलग करने का फैसला लिया। हालांकि, अभी तक इस पर किसी भी पक्ष से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
श्रद्धा कपूर बनी रहेंगी फिल्म का हिस्सा: सह-निर्माता की भी निभा सकती हैं भूमिका
आमिर खान के बाहर होने के बावजूद फिल्म का निर्माण रुकने वाला नहीं है। निर्देशक राहुल मोदी अब भी इस प्रोजेक्ट के साथ मजबूती से बने हुए हैं। वहीं, बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर फिल्म का अहम हिस्सा हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो श्रद्धा कपूर इस फिल्म में अशनीर ग्रोवर की पत्नी माधुरी जैन ग्रोवर की दमदार भूमिका निभाएंगी। इसके अलावा, श्रद्धा इस बायोपिक में सह-निर्माता (Co-Producer) के रूप में भी जुड़ सकती हैं।