कॉर्पोरेट लाइफ का कड़वा सच! रस्क मीडिया की नई सीरीज 'Nine to Five' रिलीज, प्रीत कमानी ने जीता दिल!
जिंदगी की भागदौड़ में कई बार हम मंजिल के बिल्कुल करीब पहुंचकर चूक जाते हैं, चाहे वह करियर की रेस हो, प्यार हो या फिर फर्स्ट रैंक हासिल करना हो। रस्क मीडिया (Rusk Media) की नई वेब सीरीज 'नाइन टू फाइव' (Nine to Five) इसी अनकहे दर्द और कॉर्पोरेट स्ट्रगल को स्क्रीन पर बेहद खूबसूरती से उतारती है।
व्योम चराया के बेहतरीन निर्देशन में बनी यह सीरीज मुख्य किरदार अनुज (प्रीत कमानी) के इर्द-गिर्द घूमती है जिसे 'किवी ऐप' नाम के स्टार्टअप में नौकरी तो मिल जाती है लेकिन उसका 'ऑलमोस्ट कुमार' होने का टैग उसका पीछा नहीं छोड़ता। हमेशा सफलता से चंद कदम दूर रह जाने वाले अनुज की मुलाकात ऑफिस में आत्मविश्वासी यशस्विनी उर्फ यश (भाग्यश्री लिमये) और स्ट्रैटेजी हेड दीपक (राजेश कुमार) से होती है। सीरीज में दीपक का एक शानदार डायलॉग 'मेक द मोस्ट आउट ऑफ ऑलमोस्ट' कहानी की पूरी जान है, जो युवाओं को अपनी कमियों से सीखकर आगे बढ़ने का हौसला देता है।
अभिनय के मोर्चे पर प्रीत कमानी ने एक युवा की असुरक्षा, बेचैनी और महत्वाकांक्षा को इतनी सहजता से जिया है कि हर दर्शक खुद को उनसे सीधा जोड़ लेता है। वहीं दिग्गज अभिनेता राजेश कुमार की कॉमिक टाइमिंग और भाग्यश्री लिमये का बेदाग कॉन्फिडेंस स्क्रीन पर गहरा प्रभाव छोड़ते हैं। सिद्धार्थ तिवारी और व्योम चराया की कसी हुई राइटिंग रोजमर्रा के कॉर्पोरेट लाइफ, फ्लैट खाली करने के झंझट और निजी रिश्तों के तनाव को बिना किसी भारीपन के हल्के-फुल्के मनोरंजक अंदाज में पेश करती है।
यह कहानी साबित करती है कि कामयाबी का मतलब हमेशा पहला स्थान पाना नहीं होता। अगर आप भी कभी करियर या रिश्तों में असफलता के डर से गुजरे हैं तो अपनी गलतियों से सीखकर खुद पर भरोसा जगाने का सकारात्मक संदेश देने वाली यह शानदार सीरीज आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए।