शूटिंग के दौरान इस मशहूर एक्ट्रेस का भयानक एक्सीडेंट, करानी पड़ेगी रीढ़ की हड्डी की बड़ी सर्जरी
अदाकारा नुसरत भरूचा को लेकर एक चिंताजनक खबर सामने आई है। बाली में शूटिंग के दौरान हुए हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया है। फिलहाल एक्ट्रेस बाली के एक हॉस्पिटल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
उनके टीम के आधिकारिक बयान के अनुसार, डॉक्टरों की तफ्तीश के बाद नुसरत की रीढ़ की सर्जरी की जाएगी। इसके लिए उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए बाली से मुंबई लाने की तैयारी की जा रही है।
नुसरत के टीम ने बताया कि इस वक्त एक्ट्रेस का स्वास्थ्य टीम की प्राथमिकता है और उन्हें जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। टीम ने नुसरत के फैंस और शुभचिंतकों की चिंता और शुभकामनाओं के लिए आभार जताया है।
साथ ही सभी से अदाकारा की निजता का सम्मान करने और उन्हें उपचार तथा स्वास्थ्य लाभ पर ध्यान देने की अपील की गई है। उचित समय पर नुसरत की स्वास्थ्य स्थिति से जुड़ी आगे की जानकारी साझा की जाएगी।
बताया जा रहा है कि चोट की गंभीरता और प्रस्तावित सर्जरी के चलते नुसरत को पूरी तरह स्वस्थ होने के लिए कुछ वक्त रेस्ट करना पड़ सकता है। ऐसे में आने वाले कुछ हफ्ते उनके काम पर असर डाल सकते हैं। नुसरत शूटिंग के सिलसिले में बाली गई थीं, जहां सेट पर हादसा हो गया। फिलहाल उनका उपचार जारी है और उन्हें आगे के उपचार के लिए मुंबई लाने की तैयारियां की जा रही हैं।