LPU बवाल: पुलिस का बड़ा एक्शन, हाईवे जाम और आगजनी मामले में 9 गिरफ्तार, इन्फ्लुएंसर भी रडार पर

LPU बवाल: पुलिस का बड़ा एक्शन, हाईवे जाम और आगजनी मामले में 9 गिरफ्तार, इन्फ्लुएंसर भी रडार पर

पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में 27 और 28 सितंबर को हुए भारी बवाल के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है। आगजनी, तोड़फोड़, कथित लूट और नेशनल हाईवे जाम करने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।

जालंधर और कपूरथला पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए नौ लोगों में से सात एलपीयू के ही छात्र हैं, जबकि दो बाहरी लोगों की भी संलिप्तता सामने आई है।

मिग-23 विमान पर चढ़ने वाला नाबालिग भी हिरासत में

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की लिस्ट में अलग-अलग राज्यों के लोग शामिल हैं। इनमें फगवाड़ा के गगनदीप और जसप्रीत कुमार, सोनीपत के जेम्स दहिया, हमीरपुर के आशुतोष, जम्मू से अंतरिक्ष दत्ता व साहिल सिंह और महाराष्ट्र के कृष्णा कुमार व भविष्य करण का नाम सामने आया है। इसके अलावा पुलिस ने एक नाबालिग छात्र को भी हिरासत में लिया है। यह वही छात्र है जिसका प्रदर्शन के दौरान यूनिवर्सिटी कैंपस में रखे मिग-23 लड़ाकू विमान पर चढ़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।

सीसीटीवी और डिजिटल सबूतों से 40 उपद्रवियों की पहचान

जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला और कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस जांच के अहम बिंदुओं को साझा किया। सतनामपुरा थाने में दर्ज एफआईआर नंबर 163 के तहत 20 लोगों को नामजद किया गया है। मामले की तह तक जाने के लिए गठित एसआईटी (SIT) ने न्यूज चैनलों, सोशल मीडिया और यूनिवर्सिटी के सीसीटीवी कैमरों की डिजिटल फुटेज खंगाल कर अब तक करीब 40 उपद्रवियों की पहचान कर ली है। जांच में खुलासा हुआ है कि इन लोगों ने पुलिस पर हमले, हाईवे ब्लॉक करने और यूनिवर्सिटी की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी।