‘मिर्ज़ापुर: द मूवी’ ने 4 दिन में छापे 100 करोड़, लेकिन ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर कर दिया बड़ा खेल
सिनेमाघरों में उतरते ही 'मिर्ज़ापुर: द मूवी' का जादू दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। ओटीटी के बाद बड़े पर्दे पर पंकज त्रिपाठी (कालीन भैया), अली फजल (गुड्डू पंडित) और दिव्येंदु (मुन्ना भैया) की तिकड़ी ने ऐसा रंग जमाया कि फिल्म ने महज 4 दिनों के भीतर ही 100 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार कर लिया।
खलनायक की भूमिका में रवि किशन की एंट्री ने कहानी की धार और बढ़ा दी है। कमाई के आंकड़ों पर नजर डालें तो फिल्म ने पहले दिन 25.75 करोड़ से बंपर ओपनिंग ली। दूसरे दिन 32 करोड़ और तीसरे दिन रविवार को उछाल के साथ 36 करोड़ का धुआंधार कारोबार किया।
वीकडेज में भी पकड़ मजबूत रखते हुए चौथे दिन 16 करोड़, पांचवें दिन 15.60 करोड़ और छठे दिन 12.30 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ ही फिल्म का कुल घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 137.65 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
34वें दिन भी डटी 'हनुमान अंश', 150 करोड़ क्लब में एंट्री
दूसरी तरफ, रिलीज के एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी 'हनुमान अंश' का क्रेज थमने का नाम नहीं ले रहा है। मिर्ज़ापुर फिल्म की रिलीज से स्क्रीन काउंट और फुटफॉल्स पर हल्का असर जरूर दिखा, लेकिन दर्शकों का जुड़ाव बरकरार रहा। फिल्म ने अपने 31वें दिन 22 करोड़ की जोरदार छलांग लगाई थी। इसके बाद 32वें दिन 10 करोड़, 33वें दिन 10.75 करोड़ और 34वें दिन 10.25 करोड़ रुपये बटोरकर टिकट खिड़की पर अपनी मजबूत पकड़ साबित की। इस निरंतर कमाई के दम पर फिल्म का अब तक का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 153.13 करोड़ रुपये दर्ज किया जा चुका है।
पांचवें सप्ताह में तोड़ा 'धुरंधर' का महा-रिकॉर्ड
'हनुमान अंश' की इस बॉक्स ऑफिस यात्रा का सबसे अनोखा पहलू इसका पांचवां हफ्ता रहा। कुल 153.13 करोड़ रुपये में से 80.25 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कमाई फिल्म ने अकेले पांचवें हफ्ते के सिर्फ छह दिनों में हासिल की। इस आंकड़े के साथ ही इसने पांचवें सप्ताह में सर्वाधिक कलेक्शन करने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया है। इससे पहले यह ताज 'धुरंधर' के सिर था, जिसने अपने पांचवें सप्ताह में 51.25 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
'हनुमान अंश' का हफ्ते-दर-हफ्ते कमाई का सफर
फिल्म की बॉक्स ऑफिस ग्रोथ किसी चमत्कार से कम नहीं रही है। पहले सप्ताह में इसने धीमी शुरुआत के साथ 1.08 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि दूसरे सप्ताह में कलेक्शन घटकर 40 लाख रुपये रह गया था। इसके बाद माउथ पब्लिसिटी के दम पर तीसरे सप्ताह में जबर्दस्त वापसी करते हुए फिल्म ने 10.40 करोड़ बटोरे। चौथे सप्ताह में फिल्म ने जबरदस्त उछाल लेते हुए 61 करोड़ रुपये जुटाए और अंततः पांचवें सप्ताह के महज छह दिनों में ही 80.25 करोड़ रुपये का अभूतपूर्व आंकड़ा छूकर इतिहास रच दिया।