थलापति विजय को CM की कुर्सी पर बैठते ही क्यों याद आई 'मुधलवन'... एक्टर अर्जुन सरजा ने खोल दिया बड़ा राज
साउथ सिनेमा के सुपरस्टार और अब तमिलनाडु के नवनियुक्त मुख्यमंत्री विजय थलापति इन दिनों हर तरफ छाए हुए हैं। हाल ही में अपनी राजनीतिक पारी की धमाकेदार शुरुआत करने वाले विजय से जब उनके को-एक्टर और एक्शन किंग अर्जुन सरजा ने मुलाकात की, तो कुछ ऐसा दिलचस्प वाकया सामने आया जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। अपनी आगामी तमिल-तेलुगू फिल्म 'ब्लास्ट जोन' के प्रमोशन के सिलसिले में हैदराबाद पहुंचे अर्जुन सरजा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस सीक्रेट मुलाकात का खुलासा किया।
जब असल जिंदगी के 'मुधलवन' बने थलापति विजय
दरअसल, अर्जुन सरजा ने बताया कि तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने के बाद जब उन्होंने विजय थलापति से मुलाकात की, तो राजनीति और सिनेमा का एक बेहद अनोखा संगम देखने को मिला। अर्जुन के मुताबिक, जब विजय पहली बार मुख्यमंत्री की आधिकारिक कुर्सी पर बैठे, तो उन्हें तुरंत अर्जुन सरजा की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'मुधलवन' (जिसका तेलुगू रीमेक 'ओके ओक्काडू' और हिंदी रीमेक 'नायक' था) की याद आ गई। दिलचस्प बात यह है कि विजय थलापति ने अपनी इस उपलब्धि पर इंटरनेट पर वायरल हो रहे 'मुधलवन' से जुड़े तमाम मीम्स को भी देखा है और वे इसका जमकर लुत्फ उठा रहे हैं।
20 साल की उम्र में ठुकरा दिया था जो रोल, आज असलियत में पाई वो कुर्सी
इस पूरी कहानी के पीछे एक बेहद दिलचस्प फ्लैशबैक है। डायरेक्टर शंकर ने सालों पहले फिल्म 'मुधलवन' की स्क्रिप्ट सबसे पहले विजय थलापति को ही ऑफर की थी। उस वक्त विजय की उम्र महज 20 साल थी और किन्हीं कारणों से उन्होंने इस रोल को ठुकरा दिया था, जिसके बाद यह फिल्म अर्जुन सरजा की झोली में गई और इतिहास बन गई। फिल्म में एक दिन के पत्रकार से मुख्यमंत्री बनने का सफर दिखाया गया था। आज सालों बाद जब विजय हकीकत में चुनाव जीतकर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने, तो फैंस सोशल मीडिया पर मीम्स बनाकर लिखने लगे कि भले ही विजय रील लाइफ में 'मुधलवन' न बन पाए हों, लेकिन रियल लाइफ में उन्होंने यह कमाल कर दिखाया है।
विजय की ऐतिहासिक जीत पर अर्जुन सरजा को है गर्व
लोकेश कनगराज की सुपरहिट फिल्म 'लियो' में विजय थलापति के भाई का किरदार निभा चुके अर्जुन सरजा अपने को-स्टार की इस कामयाबी से बेहद गद्गद हैं। अर्जुन ने कहा कि मुझे इस बात पर बेहद गर्व है कि फिल्म इंडस्ट्री का एक बेहतरीन अभिनेता, जिसके साथ हमने स्क्रीन शेयर की है, आज एक राज्य का मुख्यमंत्री है। पहली ही बार चुनाव के मैदान में उतरकर सीधे मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंच जाना कोई मामूली बात नहीं है, यह एक बहुत बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि है। हाल ही में अर्जुन ने विजय के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए उन्हें 'प्यारा मुधलवन' (सी. जोसेफ विजय) कहकर संबोधित किया था और उनके अच्छे स्वास्थ्य और सफल कार्यकाल की कामना की थी।
क्या अर्जुन सरजा भी एंट्री मारेंगे राजनीति में?
जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में अर्जुन सरजा से पूछा गया कि विजय थलापति की राह पर चलते हुए क्या वे भी भविष्य में राजनीति में कदम रखने का मन बना रहे हैं? तो उन्होंने बेहद मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि मुझे नहीं लगता कि आप लोग मुझे खुश देखना चाहते हैं। अर्जुन ने खुलकर बात करते हुए आगे कहा कि राजनीति में आने के लिए इंसान के भीतर एक अलग तरह का जज्बा और कुछ खास खूबियां होनी चाहिए, जो मेरे अंदर नहीं हैं। अगर आप समाज के लिए कुछ अच्छा करना चाहते हैं, तो उसके और भी कई तरीके हैं। आज के दौर में राजनीति एक बिल्कुल अलग खेल बन चुकी है, जिसके लिए भारी-भरकम पैसों की जरूरत होती है और मेरे पास उतने पैसे नहीं हैं।