
आम आदमी पार्टी के संस्थापक अरविंद केजरीवाल और CM भगवंत मान ने रविवार को लुधियाना में 13 प्रतिष्ठित स्कूलों का उद्घाटन किया। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि शिक्षा से ही गरीबी दूर की जा सकती है।
वहीं, CM भगवंत मान ने कहा कि यह पंजाब का पहला सरकारी स्कूल होगा जिसमें स्विमिंग पूल की सुविधा होगी। उधर, कांग्रेस का दावा है कि यह स्कूल उनकी सरकार के दौरान बनाया गया था। इसका उद्घाटन पहले ही हो चुका है, अब आप सरकार सिर्फ नाम चमकाने के लिए इसका उद्घाटन कर रही है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब हमने चोरी बंद कर दी है। हम यह नहीं कहते कि खजाना खाली है। दिल्ली में उन्हें परेशान किया जा रहा है। पंजाब में राज्यपाल उन्हें परेशान करते हैं, मगर हम लड़ रहे हैं। पंजाब में हमें 13 सीटें दीजिए, ये 13 सीटें भगवंत मान के 13 हाथ बन जाएंगी। ये 13 हाथ आपकी आवाज को पंजाब से दिल्ली तक पहुंचाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि अगर हम इस स्कूल को प्राइवेट सेक्टर में रखें तो इसकी फीस 10-15 हजार रुपये होगी। इस स्कूल में मजदूर, रिक्शा चालक, प्लंबर के बच्चे पढ़ेंगे। सरकारी स्कूलों की हालत सुधरने के बाद विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ रहा है। वे खुलेआम कह रहे हैं कि वे डॉक्टर और इंजीनियर बनना चाहते हैं। बच्चे सपने देखने लगे हैं। बातचीत के दौरान बच्चों ने बताया कि पूरे पंजाब में ऐसा कोई स्कूल नहीं है जो इतना अच्छा बना हो।