विसर्जन जुलूस में खूनी झड़प! पुलिस की गाड़ियां तोड़ीं, कई जवान लहूलुहान, गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्राया इलाका
झारखंड के पलामू जिले में सोमवार देर रात काली पूजा मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भयंकर बवाल और हिंसक झड़प देखने को मिली। सतबरवा थाना अंतर्गत सिंदुरिया गांव और रेहला थाना क्षेत्र के रकसाहा गांव में डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। इस दौरान उपद्रवियों ने घरों की छतों से जमकर ईंट-पत्थर बरसाए, जिसमें पुलिस की गाड़ियों सहित तीन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कई पुलिसकर्मी लहूलुहान हो गए। स्थिति बेकाबू होते देख पुलिस बल को आत्मरक्षा और भीड़ को खदेड़ने के लिए हवाई फायरिंग का सहारा लेना पड़ा। फिलहाल दोनों संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात है और हालात नियंत्रण में हैं।
सतबरवा के सिंदुरिया गांव में विवाद की शुरुआत बच्चों के बीच डीजे की धुन को लेकर हुई कहासुनी से हुई थी। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, गांव में एक पक्ष लंबे समय से काली पूजा करता आ रहा था, जबकि दूसरे पक्ष ने इस साल पहली बार प्रतिमा स्थापित की थी।
पहली बार पूजा करने वाले गुट ने विसर्जन शांतिपूर्वक पूरा कर लिया था, मगर जब पुराना पक्ष विसर्जन के लिए निकला तो दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। सूचना पाकर जब डीएसपी राजेश यादव पुलिस टीम के साथ बीच-बचाव करने पहुंचे, तो उपद्रवियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए छतों से ताबड़तोड़ पथराव कर दिया। इस हमले में पुलिस वाहन के शीशे टूट गए और कई जवानों के साथ ग्रामीणों को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए 42 नामजद और 100 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर धरपकड़ शुरू कर दी है।
दूसरी तरफ, रेहला थाना क्षेत्र के रकसाहा गांव में भी मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे बजाने की होड़ में दो गुट आपस में भिड़ गए। मौके पर हालात संभालने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर भी ग्रामीणों ने पत्थरों से हमला बोल दिया, जिससे पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और चार जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गए। रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरूआ के अनुसार, बिगड़ते हालात पर काबू पाने और अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस को करीब चार राउंड फायरिंग करनी पड़ी। इसके बाद उपद्रवी तितर-बितर हुए और तनाव के बीच प्रतिमा का विसर्जन संपन्न कराया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों घटनाओं को लेकर अलग-अलग एफआईआर दर्ज की जा रही हैं और वीडियो फुटेज के जरिए उपद्रवियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।