संभल जाएं झारखंड वाले! एक्टिव हुई खतरनाक ट्रफ लाइन, कल इन 9 जिलों में अचानक बरसेंगे बादल
झारखंड में गुलाबी ठंड की आहट के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के 9 जिलों में बुधवार को बारिश का पूर्वानुमान जारी करते हुए अलर्ट जारी किया है। दरअसल उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश से लेकर ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड होते हुए उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश तक एक सक्रिय ट्रफ लाइन गुजर रही है। इस मजबूत मौसमी सिस्टम के असर से झारखंड के वायुमंडल में नमी तेजी से बढ़ रही है, जिसके चलते संथाल परगना और कोल्हान प्रमंडल के कई हिस्सों में अचानक बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश होने की पूरी संभावना बन गई है।
मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज के साथ-साथ पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) और सरायकेला-खरसावां जिले में बारिश की गतिविधियां दर्ज की जा सकती हैं। इन इलाकों में बारिश के बाद हवा में ठंडक घुलने और रात के तापमान में गिरावट की संभावना है, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने और मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है।
तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले 24 घंटों में पूरे राज्य में मौसम का मिला-जुला मिजाज देखने को मिला है। डाल्टनगंज 31.4 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जबकि लातेहार में पारा 12.1 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जो राज्य का सबसे ठंडा क्षेत्र दर्ज किया गया। राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह के समय हल्का कुहासा छाया रहा, जिससे लोगों को सिहरन महसूस हुई, हालांकि दोपहर में धूप खिलने से मौसम सामान्य हो गया। रांची में अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री और न्यूनतम 13.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 30.6 डिग्री और न्यूनतम 17.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 28.1 डिग्री और न्यूनतम 15.5 डिग्री तथा चाईबासा में पारा अधिकतम 30.8 डिग्री और न्यूनतम 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। जानकारों के अनुसार बारिश के इस नए दौर के बाद राज्यभर में सुबह और शाम की ठिठुरन में तेजी से इजाफा होगा।