धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस को मिली हरी झंडी, जानें टाइम टेबल और रूट
झारखंड से दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले आम लोगों की बड़ी समस्या अब दूर होने जा रही है। खास कर उन लोगों को बहुत राहत मिलेगी जो बेहतर इलाज के लिए तमिलनाडु के वेल्लोर जाते हैं। रेलवे बोर्ड ने धनबाद से कोयंबटूर के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22363/22364) चलाने की अनुमति दे दी है। इस एक रेलगाड़ी के शुरू होने से भारत के छह प्रमुख राज्यों का सीधा संपर्क स्थापित हो जाएगा। इन राज्यों में झारखंड के साथ बिहार मध्य प्रदेश महाराष्ट्र आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु शामिल हैं।
मरीजों छात्रों और आम नौकरीपेशा वर्ग के लिए वरदान
ये नई रेल सेवा मुख्य रूप से मध्यम और निम्न आय वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। अमृत भारत एक पूरी तरह से नॉन-एसी ट्रेन है जिसमें सफर करना काफी किफायती होता है। इसका सबसे बड़ा फायदा उन बीमार लोगों को होगा जिन्हें वेल्लोर के अस्पतालों में जाना होता है। इस ट्रेन का ठहराव काटपाड़ी स्टेशन पर सुनिश्चित किया गया है जहां से वेल्लोर बेहद करीब है।
इसके अलावा पढ़ाई और रोजगार के सिलसिले में दक्षिण भारत जाने वाले युवाओं को भी एक सस्ता और सुलभ विकल्प मिल गया है। किफायती किराए और बेहतरीन सुविधाओं के कारण अमृत भारत के स्लीपर क्लास में यात्रियों की संख्या हमेशा क्षमता से अधिक यानी 100 प्रतिशत के पार दर्ज की जाती है।
जानिए टाइमिंग और रूट की पूरी जानकारी
रेलवे द्वारा तय किए गए नए शेड्यूल के अनुसार ट्रेन संख्या 22363 धनबाद से हर शनिवार शाम 4 बजकर 10 मिनट पर अपनी यात्रा शुरू करेगी। यह ट्रेन सोमवार की शाम 6 बजकर 30 मिनट पर कोयंबटूर पहुंचेगी। वापसी की बात करें तो ट्रेन संख्या 22364 कोयंबटूर से हर मंगलवार की सुबह 7 बजकर 50 मिनट पर खुलेगी। यह सफर तय करते हुए गुरुवार दोपहर 1 बजे धनबाद जंक्शन वापस आएगी। इस ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव धनबाद में होगा जबकि दूसरा मेंटेनेंस कोयंबटूर में किया जाएगा।
रास्ते में यह ट्रेन कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें गोमोह पारसनाथ हजारीबाग रोड कोडरमा गया और डेहरी ऑन सोन शामिल हैं। आगे चलकर यह ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन सतना कटनी जबलपुर व इटारसी में भी रुकेगी। इसके बाद नागपुर वारंगल विजयवाड़ा नेल्लोर रेणुगुंटा तथा काटपाड़ी स्टेशनों पर भी यात्रियों को चढ़ने-उतरने की सुविधा मिलेगी।