गोरखपुर में खौफनाक लूट, 9 माह की बच्ची की गर्दन पर चाकू रखकर मां से लूटे 5 लाख के गहने
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से दिल दहला देने वाली लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पीपीगंज थाना क्षेत्र के तिघरा गांव में सोमवार की देर रात चार नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर नौ महीने की मासूम बच्ची के गले पर चाकू अड़ा दिया।
दरिंदों ने मां की गोद से मासूम को छीनकर जान से मारने की सीधी धमकी दी और घर में रखे करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। मासूम की जान खतरे में देख मां पूरी तरह लाचार हो गई और उसने बिना किसी विरोध के अलमारी से लेकर अपने शरीर के सारे गहने लुटेरों के हवाले कर दिए।
पीछे के चैनल गेट से घुसे 4 हथियारबंद बदमाश, मासूम को बनाया ढाल
वारदात गांव के निवासी प्रेमचंद के घर में घटी, जहां शिवपूजन के चार बेटों का लगभग 22 सदस्यों वाला संयुक्त परिवार रहता है। रात में जब परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे, तभी घर के पिछले हिस्से में खुले चैनल गेट के रास्ते चार नकाबपोश बदमाश अंदर दाखिल हो गए। उसी समय प्रेमचंद के बड़े बेटे करन गुप्ता की पत्नी पूजा अपनी 9 माह की बच्ची को शौच कराने के लिए नीचे आई थीं।
बदमाशों ने पूजा को अकेला पाकर चारों तरफ से घेर लिया और तुरंत उनकी गोद से मासूम को झपट लिया। एक बदमाश ने बच्ची की गर्दन पर धारदार चाकू रख दिया और पूजा को धमकाया कि यदि शोर मचाया या परिजनों को जगाया तो बच्ची समेत पूरे परिवार को जान से मार डालेंगे।
कमरे का ताला खुलवाकर अलमारी व बक्से खंगाले, पहने हुए गहने भी उतरवाए
मासूम की गर्दन पर चाकू देखकर पूजा बुरी तरह सहम गईं और उन्होंने बच्ची की सलामती के लिए कमरे का ताला खोल दिया। बदमाशों ने अलमारी और बक्से में रखे सोने-चांदी के करीब 5 लाख रुपये कीमत के कीमती जेवरात समेट लिए। इसके बाद भी जब लुटेरों का मन नहीं भरा तो उन्होंने पूजा के कानों के झुमके, नाक की कील और गले का मंगलसूत्र भी जबरन उतरवा लिया। लूटपाट पूरी करने के बाद चारों बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
2 बजे रात में पहुंची पुलिस, फॉरेंसिक टीम में देरी पर ग्रामीणों में नाराजगी
बदमाशों के भागने के बाद पीड़िता ने शोर मचाकर परिजनों को जगाया, जिसके बाद तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। रात करीब दो बजे पीपीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर रास्तों की जानकारी जुटाई। हालांकि, मंगलवार सुबह दस बजे तक फॉरेंसिक टीम के मौके पर न पहुंचने को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। 22 सदस्यों की मौजूदगी वाले घर में इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे गांव में दहशत फैल गई है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी हैं।