बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा! दो रोडवेज बसों की आमने-सामने टक्कर, 5 साल के मासूम की मौत

बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा! दो रोडवेज बसों की आमने-सामने टक्कर, 5 साल के मासूम की मौत

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मंगलवार को मूसलाधार बारिश के बीच एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई, जहां रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-28C) पर रानी बाजार के समीप दो रोडवेज बसों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

इस दर्दनाक हादसे में एक मां की आंखों के सामने उसके 5 वर्षीय मासूम बेटे की मौके पर ही जान चली गई, जबकि 12 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए सभी घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया।

कैसरबाग और बाराबंकी डिपो की बसों में सीधी टक्कर, सवारियों में मची चीख-पुकार

रामनगर थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह के अनुसार, लखनऊ के कैसरबाग डिपो की एक रोडवेज बस यात्रियों को लेकर बहराइच से लखनऊ की तरफ जा रही थी, वहीं दूसरी तरफ बाराबंकी डिपो की अनुबंधित बस यात्रियों को लेकर बाराबंकी से रामनगर की दिशा में बढ़ रही थी। जैसे ही दोनों बसें रानी बाजार के पास पहुंचीं, बारिश और तेज गति के चलते अनियंत्रित होकर आमने-सामने टकरा गईं। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सवारियों में चीख-पुकार मच गई।

मां की गोद में बैठा था 5 साल का आर्यन, झटके से सीट से नीचे गिरा

हादसे में कुम्हरवा निवासी आशीष कुमार के पांच वर्षीय पुत्र आर्यन की असमय मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और बदहवास मां पूजा ने बताया कि वह अपने बेटे आर्यन के साथ बाराबंकी से वापस अपने गांव कुम्हरवा जा रही थी। बस काफी तेज गति में थी और जैसे ही जोरदार टक्कर हुई, पूजा और उनका मासूम बेटा सीट से उछलकर नीचे गिर पड़े। सिर और शरीर में गंभीर अंदरूनी चोटें आने के कारण मासूम आर्यन ने दम तोड़ दिया, जिससे परिवार में कोहराम मच गया है।

रामनगर और बड़ागांव सीएचसी में घायलों का इलाज जारी

टक्कर के तत्काल बाद पुलिस बल ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रामनगर और बड़ागांव भेजा। घायलों में वंदना पांडे, राजेश कुमार (57), सोफिया राजकुमारी (60), शिवम (26), कन्हैयालाल (65), राहुल पांडे (28) और शिवम (25) सहित करीब 12 से अधिक अन्य यात्री शामिल हैं। थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सभी घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया है जहां उनका उपचार जारी है तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर हाईवे पर यातायात सामान्य करा दिया गया है।