पुरी से बादामपहाड़ के बीच जल्द दौड़ेगी सीधी ट्रेन, राष्ट्रपति के गांव रायरंगपुर और टाटानगर को बड़ा तोहफा
ओडिशा और झारखंड के कोल्हान क्षेत्र के रेल यात्रियों को रेलवे बोर्ड ने जगन्नाथ पुरी के लिए सीधी ट्रेन का शानदार तोहफा दिया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के गृह क्षेत्र रायरंगपुर, चाईबासा और टाटानगर होते हुए यह नई ट्रेन पुरी से बादामपहाड़ के बीच नियमित रूप से चलाई जाएगी।
रेलवे बोर्ड से मंगलवार को जारी आदेश के बाद दक्षिण पूर्व रेलवे और ईस्ट कोस्ट रेलवे जोन मिलकर स्टेशनवार टाइम टेबल को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से मयूरभंज जिले का भुवनेश्वर, खुर्दा, कटक, जाजपुर और क्योंझर से सीधा और सुगम रेल संपर्क कायम हो जाएगा। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस ट्रेन को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित समय सारणी के तहत यह ट्रेन पुरी स्टेशन से रात 11:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन टाटानगर होते हुए दोपहर 1:45 बजे बादामपहाड़ पहुंचेगी। वापसी में बादामपहाड़ से यह शाम 4:00 बजे पुरी के लिए प्रस्थान करेगी। अब तक रेलवे केवल रथयात्रा के विशेष अवसर पर ही इस रूट पर स्पेशल ट्रेन चलाता था, जिसे अब नियमित सेवा में तब्दील किया जा रहा है।
9 एलएचबी कोच वाली इस रैक में स्लीपर, एसी और जनरल डिब्बे शामिल होंगे। सफर के दौरान यह खुर्दा रोड, भुवनेश्वर, मंचेश्वर, कटक, जाखपुरा, सुकिंदा रोड, हरिचंदनपुर, केंदूझर, नयागढ़, बांसपानी, देवझर, डांगुवापसी, झींकपानी, चाईबासा, राजखरसावां, सीनी, टाटानगर, आंवलाजोरी और रायरंगपुर समेत कुल 19 महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। वर्तमान में बादामपहाड़ रूट पर दो जोड़ी एक्सप्रेस और तीन जोड़ी मेमू ट्रेनें सेवाएं दे रही हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी संभावित दौरे को देखते हुए रेलवे प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो चुका है। चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने रायरंगपुर और बादामपहाड़ पहुंचकर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का सघन जायजा लिया। कार्यदायी एजेंसियों को 25 अक्तूबर तक हर हाल में सभी यात्री सुविधाओं और स्टेशन सौंदर्यीकरण का काम पूरा करने की सख्त हिदायत दी गई है। संभावना जताई जा रही है कि 27 तारीख को रायरंगपुर प्रवास के दौरान राष्ट्रपति दोनों पुनर्विकसित स्टेशनों के उद्घाटन, बादामपहाड़ के पास एक ओवरब्रिज के शिलान्यास के साथ ही इस नई पुरी-बादामपहाड़ एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकती हैं। हालांकि, बहलदा के पूर्व विधायक प्रह्लाद पूर्ति ने इस फैसले का स्वागत करते हुए क्षेत्र को सीधे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से जोड़ने के लिए भी जल्द एक सीधी एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने की मांग उठाई है।